
शपथ समारोह के लिए रवाना हुए विजय, कीर्तना बनेंगी सबसे युवा मंत्री
शपथ ग्रहण समारोह का समय दोपहर 3 बजकर 45 मिनट तय किया गया था। हालांकि बाद में विजय के ज्योतिषी की सलाह पर इसे बदलकर सुबह 10 बजे कर दिया गया...
अभिनेता से राजनीति में आए थलपति विजय आज तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के बहुमत का आंकड़ा पार करने के बाद राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। विजय आज सुबह 10 बजे चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए थलपति विजय अपने आवास से नेहरू स्टेडियम के लिए रवाना हो गए। घर से बाहर निकलते समय उन्होंने बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों और प्रशंसकों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। विजय की एक झलक पाने के लिए उनके आवास के बाहर सुबह से ही भारी भीड़ जमा रही।
#WATCH | Tamil Nadu: TVK Chief and CM-designate Vijay leaves from his residence.He will take oath as the Chief Minister of Tamil Nadu today at Jawaharlal Nehru Stadium in Chennai. pic.twitter.com/hYRHZfZMqV— ANI (@ANI) May 10, 2026
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से राज्य की राजनीति में लगातार सस्पेंस बना हुआ था। टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। लेकिन बहुमत का आंकड़ा उसके पास नहीं था। इसके बाद सरकार गठन को लेकर कई दौर की राजनीतिक हलचल देखने को मिली।
आखिरकार वीसीके (VCK) और आईयूएमएल (IUML) के समर्थन के बाद विजय की पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा हासिल कर लिया। इसके साथ ही राज्य में टीवीके सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया।
विजय के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शामिल होंगे। इसके अलावा प्रोटोकॉल के तहत तमिलनाडु के निवर्तमान मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है।
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर दिलचस्प बात यह रही कि पहले कार्यक्रम का समय दोपहर 3 बजकर 45 मिनट तय किया गया था। हालांकि बाद में विजय के ज्योतिषी की सलाह पर इसे बदलकर सुबह 10 बजे कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, इसी समय को शुभ मानते हुए अंतिम निर्णय लिया गया।
विजय ने 9 मई को लोक भवन पहुंचकर तमिलनाडु के राज्यपाल से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने टीवीके विधायक दल के नेता के रूप में अपने चुनाव की जानकारी देते हुए समर्थन पत्र सौंपा। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करते हुए मुख्यमंत्री नियुक्त किया।
राज्यपाल ने विजय को निर्देश दिया है कि वे 13 मई 2026 या उससे पहले विधानसभा में विश्वास मत हासिल करें।
विजय के मुख्यमंत्री बनने को लेकर उनके पिता और फिल्म निर्देशक एसए चंद्रशेखर ने भी खुशी जाहिर की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “मैं बहुत खुश हूं। मैं जो कुछ भी कर रहा हूं, सिर्फ अपने बेटे के लिए कर रहा हूं। आखिरकार विजय के जरिए तमिल लोगों को सफलता मिली है।” वहीं, मीडिया से बात करते हुए विजय की मां ने इस बात पर खुशी जाहिर की कि आज मदर्स डे के दिन उनका बेटा सीएम पद की शपथ ले रहा है।
#WATCH | Chennai, Tamil Nadu: Shoba Chandrasekhar, mother of TVK Chief and CM-designate, Vijay, says, "I am so happy. It is Mother's Day today, I am very happy..." pic.twitter.com/Ti4DM4iCVl
— ANI (@ANI) May 10, 2026
वहीं शिवकाशी विधानसभा सीट से टीवीके की नवनिर्वाचित विधायक एस कीर्तना ने इसे तमिलनाडु की जनता के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा, “आज तमिलनाडु और यहां की जनता के लिए बड़ा दिन है। यह वही पल है जिसका सभी को इंतजार था।”
29 वर्षीय एस कीर्तना आज विजय मंत्रिमंडल में सबसे युवा मंत्री के रूप में शपथ लेंगी। वह शिवकाशी सीट से पहली बार विधायक चुनी गई हैं और टीवीके के युवा चेहरों में प्रमुख मानी जा रही हैं।

