12वें फ्लोर से उठीं लपटें, फिर पीजी में आग, नोएडा में एक के बाद एक दो अग्निकांड
x

12वें फ्लोर से उठीं लपटें, फिर पीजी में आग, नोएडा में एक के बाद एक दो अग्निकांड

नोएडा के सेक्टर-75 की आईवीवाई काउंटी सोसाइटी और सेक्टर-52 के एक पीजी में आग लगने से हड़कंप मच गया। दमकल विभाग ने राहत और बचाव अभियान चलाया।


दिल्ली से सटे नोएडा से शुक्रवार को आग लगने की दो बड़ी घटनाएं सामने आईं, जिनसे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पहली घटना सेक्टर-75 स्थित आईवीवाई काउंटी (IVY County) हाईराइज रिहायशी सोसाइटी में हुई, जबकि दूसरी घटना सेक्टर-52 के एक पीजी आवास में सामने आई।

आईवीवाई काउंटी के 12वें फ्लोर पर लगी भीषण आग

नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवीवाई काउंटी सोसाइटी की एक बहुमंजिला इमारत के 12वें फ्लोर पर स्थित फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि फ्लैट की खिड़कियों और बालकनी से ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर से देखा जा सकता था।

देखते ही देखते आग आसपास के फ्लैटों तक फैल गई, जिससे पूरी सोसाइटी में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।

आग ऊंचाई पर होने के कारण दमकलकर्मी हाइड्रोलिक क्रेन और आधुनिक अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाने में जुटे रहे। सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित टावर और आसपास के फ्लैटों को तत्काल खाली कराया गया तथा लोगों को सीढ़ियों के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या बालकनी में रखे किसी उपकरण की वजह से आग लगी हो सकती है। हालांकि, वास्तविक कारण का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।फिलहाल राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन की प्राथमिकता आग को पूरी तरह बुझाने और यह सुनिश्चित करने की रही कि कोई व्यक्ति अंदर फंसा न रह जाए।


सेक्टर-52 के पीजी में भी लगी आग

आईवीवाई काउंटी की आग पर काबू पाने के प्रयास जारी थे कि इसी बीच दमकल विभाग को एक और आग लगने की सूचना मिली।नोएडा के सेक्टर-52 स्थित ई-3 शताब्दी विहार के एक पेइंग गेस्ट (पीजी) आवास में अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक रेस्टोरेंट संचालित होता है, जबकि ऊपरी मंजिलों पर पीजी बना हुआ है, जहां कई छात्र और कामकाजी युवा रहते हैं।

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अधिकारियों ने एहतियातन इमारत में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।फिलहाल दोनों घटनाओं में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Read More
Next Story