
यूपी में महिला एमएलए ने निवेश पर किया सवाल, रील की बात करने लगे मंत्री जी
यूपी विधानसभा में सपा विधायक ने निवेश, डिफेंस कॉरिडोर और भाजपा के 16 हजार करोड़ फंड पर सवाल उठाए। मंत्री जवाब की बजाय रील का जिक्र करने लगे।
विपक्ष के विधायक ने मंत्री जी से सवाल किया और जवाब में मंत्री जी रील का किस्सा सुनाने लगे। यह मामला देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश की विधानसभा का है। समाजवादी पार्टी की महिला विधायक डॉक्टर रागिनी सोनकर ने भाजपा के 16 हजार करोड़ के फंड का मुद्दा उठाया। दरअसल सपा की विधायक, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी से निवेश और डिफेंस कॉरिडोर पर जवाब मांग रही थी। उन्होंने कुछ तीखे सवाल किये। उन तीखे सवालों से असहज मंत्री जी कुछ और ही बात करने लगे।
रागिनी सोनकर ने कहा कि प्रदेश की सरकार कहती है कि लाखों करोड़ों के मेमोरेंडम अंडरस्टैंडिंग साइन किए गए हैं। लेकिन 9 फीसद परियोजना ही जमीन पर नजर आ रही हं। इसके साथ ही डिफेंस कॉरिडोर पर पूछा कि आप चित्रकूट, झांसी, अलीगढ़ और आगरा में काम करने का दावा कर रहे हैं। लेकिन जमीनी प्रगति कितनी है, हकीकत में जमीन पर कुछ नहीं कागजों में सबकुछ नजर आ रहा है। इसके साथ ही एक और सवाल बीजेपी के फंड पर था। रागिनी सोनकर ने कहा कि साल 2014 में आपकी पार्टी के खाते में 800 करोड़ थे और अब यह बढ़कर 16 हजार करोड़ हो चुका है। आखिर यह सब कैसे मुमकिन हुआ जब अर्थव्यवस्था कमजोर है। इन सवालों के जरिए रागिनी सोनकर ने नंद गोपाल गुप्ता को सवालों के कटघरे में खड़ा किया।
रागिनी सोनकर के तीखे सवालों का जवाब देने के लिए मंत्री नंद गोपाल नंदी अपनी सीट पर उठे और जवाब की जगह विधायक के सवालों को ही पढ़ने लगे। यह देख विधानसभा अध्यक्ष ने मंत्री जी को टोका। यही नहीं मंत्री जी ने विधायक की इंस्टाग्राम और फेसबुक रील की बात करने लगे। इसे देख विपक्ष ने टोका कि आखिर मंत्री जी सवालों का जवाब देने की जगह सोशल मीडिया का जिक्र क्यों कर रहे हैं। अगर उनके पास जवाब नहीं है तो ईमादारी से स्वीकार करें कि सरकार कुछ भी नहीं कर पा रही है। इन सबके बीच वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने मोर्चा संभाला और हस्तक्षेप किया।

