
एक लाख के इनामी बदमाश का अंत, लखनऊ पुलिस ने मुठभेड़ में किया ढेर
लखनऊ के इंदिरा कैनाल रोड पर पुलिस मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश संजय उर्फ संजीव मारा गया। वह बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर और कई हत्या मामलों का आरोपी था।
लखनऊ में शनिवार (27 जून) को पुलिस मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश संजय उर्फ संजीव मारा गया। संजय, अंबेडकरनगर जिले के चक कोदार गांव, थाना अहिरौली का रहने वाला था और कई चर्चित हत्या के मामलों में वांछित था।पुलिस के मुताबिक, संजय 27 मई 2026 को पीजीआई थाना क्षेत्र में हुए चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था। इसके अलावा उसने अंबेडकरनगर, बस्ती और अयोध्या जिलों में भी कई सनसनीखेज हत्या की वारदातों को अंजाम दिया था।
जांच में यह भी सामने आया कि संजय कुख्यात अपराधी दिलीप वर्मा और खान मुबारक गैंग से जुड़ा हुआ था। गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उसने हत्या समेत कई संगीन अपराधों को अंजाम दिया था।संजय की गिरफ्तारी पर लखनऊ पुलिस आयुक्त की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को लखनऊ के इंदिरा कैनाल रोड पर अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और संजय के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में संजय गोली लगने से घायल हो गया।घायल बदमाश को तत्काल इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

