वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी, कैंट स्टेशन पर सघन चेकिंग
x

वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी, कैंट स्टेशन पर सघन चेकिंग

वाराणसी में जिला जज को ई-मेल से कचहरी उड़ाने की धमकी मिली। कोर्ट खाली कराया गया, बम निरोधक दस्ता तैनात, शहर और कैंट स्टेशन पर अलर्ट जारी।


वाराणसी में उस समय हड़कंप मच गया जब जिला जज के आधिकारिक ई-मेल पर कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जानकारी के अनुसार यह धमकी भरा संदेश रात करीब 1:30 बजे भेजा गया था। सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था तत्काल बढ़ा दी गई।

जिला जज ने बार पदाधिकारियों को दी जानकारी

सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेमप्रकाश सिंह गौतम के मुताबिक, जिला जज ने दोनों बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और महामंत्री को अपने चैंबर में बुलाकर ई-मेल की जानकारी दी। संदेश में कथित तौर पर आतंकवादी संगठनों के नाम से डेढ़ बजे कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। एहतियातन सभी मामलों में अगली तारीख दी गई और अधिवक्ताओं व वादकारियों से परिसर खाली करने का अनुरोध किया गया।

बम निरोधक दस्ते की जांच

धमकी की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार और कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने फोर्स के साथ कचहरी परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) शिवहरि मीणा भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

शहर में अलर्ट, रेलवे स्टेशन पर भी जांच

जिला जज को भेजे गए ई-मेल में अधिवक्ताओं और जजों को निशाना बनाने की बात कही गई थी। यह खबर तेजी से पूरे शहर में फैल गई। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति की समीक्षा की।

सुरक्षा के मद्देनजर वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर भी सघन जांच अभियान चलाया गया। प्रवेश द्वार, टिकट काउंटर और सभी प्लेटफॉर्म पर सुरक्षाकर्मियों ने तलाशी अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की।

फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और ई-मेल भेजने वाले की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

Read More
Next Story