तमिलनाडु में विजय सरकार का रास्ता साफ, VCK ने दिया समर्थन
x

तमिलनाडु में विजय सरकार का रास्ता साफ, VCK ने दिया समर्थन

तमिलनाडु में VCK के समर्थन के बाद TVK बहुमत के आंकड़े तक पहुंच गई है। अब थलपति विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता लगभग साफ हो गया है।


तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के लिए सरकार गठन का रास्ता अब लगभग साफ हो गया है। शनिवार को विदुथलाई चिरुथिगल काची (VCK) ने TVK को समर्थन देने का फैसला कर लिया, जिसके बाद विजय बहुमत के आंकड़े तक पहुंच गए हैं।

VCK के समर्थन से पूरा हुआ बहुमत

शनिवार शाम VCK की एक अहम बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें यह तय किया गया कि पार्टी टीवीके को समर्थन देगी या नहीं। बैठक के बाद पार्टी ने विजय की अगुवाई वाली TVK सरकार को समर्थन देने पर सहमति जताई और आधिकारिक समर्थन पत्र भी सौंप दिया।इस समर्थन के साथ ही विजय के पक्ष में विधायकों की संख्या बढ़कर 118 हो गई है, जो तमिलनाडु विधानसभा में सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत का आंकड़ा है।

सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी TVK

हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में TVK ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरकर सबको चौंका दिया था। हालांकि विजय ने खुद दो सीटों से चुनाव लड़ा था, इसलिए नियमों के तहत उन्हें एक सीट छोड़नी होगी।इसके बाद पार्टी की प्रभावी संख्या 107 रह गई थी और बहुमत से दूरी बनी हुई थी।

कांग्रेस और वामदलों ने भी दिया समर्थन

सरकार गठन की कवायद के दौरान सबसे पहले कांग्रेस ने अपने पांच विधायकों का समर्थन TVK को दिया। इसके बाद भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPI-M) के दो-दो विधायकों ने भी विजय का समर्थन किया।इन समर्थन के बाद TVK के पास कुल 116 विधायकों का आंकड़ा पहुंचा था, लेकिन सरकार बनाने के लिए अभी दो और विधायकों की जरूरत थी।

VCK बना ‘किंगमेकर’

राजनीतिक हलकों में सबकी निगाहें VCK पर टिकी थीं। आखिरकार पार्टी ने बिना किसी शर्त के विजय को समर्थन देने का फैसला किया, जिससे तमिलनाडु में सत्ता समीकरण पूरी तरह बदल गए।TVK नेता अर्जुन ने कांग्रेस, वामपंथी दलों और VCK प्रमुख थोल थिरुमावलवन का आभार जताया। उन्होंने कहा, “विजय मुख्यमंत्री बनने के लिए तैयार हैं।”

अब शपथ ग्रहण पर नजर

VCK के समर्थन के बाद अब तमिलनाडु में नई सरकार के गठन की तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात के बाद विजय सरकार गठन का दावा पेश कर सकते हैं और नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं।

Read More
Next Story