
राजनीति और ज्योतिष का संगम! विजय ने निजी ज्योतिषी को बनाया OSD
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने अपने निजी ज्योतिषी रिक्की राधन पंडित वेट्रिवेल को राजनीतिक OSD नियुक्त किया, फैसले पर सियासी चर्चा तेज हो गई।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय के निजी ज्योतिषी रिक्की राधन पंडित वेट्रिवेल को मुख्यमंत्री का ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार ने मंगलवार, 12 मई को इस नियुक्ति का आधिकारिक आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया कि वेट्रिवेल को मुख्यमंत्री (राजनीतिक) के OSD के रूप में नियुक्त किया जाता है और उनकी नियुक्ति की शर्तें बाद में अलग से जारी की जाएंगी।
सरकारी आदेश में लिखा गया, “थिरु रिक्की राधन पंडित वेट्रिवेल को मुख्यमंत्री (राजनीतिक) के ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) के रूप में कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से नियुक्त किया जाता है। इस संबंध में नियम और शर्तें अलग से जारी की जाएंगी।”रिपोर्ट्स के मुताबिक विजय ने शुरुआत में अपने शपथ ग्रहण समारोह का समय 10 मई को दोपहर 3:45 बजे तय किया था। लेकिन बाद में उनके निजी ज्योतिषी वेट्रिवेल की सलाह पर इसे बदलकर सुबह 10 बजे कर दिया गया। बताया जाता है कि वेट्रिवेल ने इस समय को शुभ मुहूर्त बताया था। विजय की राजनीतिक यात्रा के दौरान भी वेट्रिवेल लंबे समय से उनके करीबी माने जाते रहे हैं।
वेट्रिवेल पिछले चार दशकों से ज्योतिष और अंक ज्योतिष से जुड़े हुए हैं। राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में उन्हें उनकी भविष्यवाणियों के लिए जाना जाता है। उन्होंने कई बार पहले भी दावा किया था कि विजय राजनीति में आएंगे और बड़ी जीत हासिल करेंगे।हाल के महीनों में वेट्रिवेल के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। एक वीडियो में उन्होंने विजय की कुंडली को “सुनामी कुंडली” बताया था। उनका कहना था कि विजय की कुंडली असाधारण राजनीतिक सफलता की ओर इशारा करती है।
वेट्रिवेल उस समय भी चर्चा में आए थे जब विजय तिरुचेंदूर मुरुगन मंदिर पहुंचे थे। उस दौरान वेट्रिवेल मुख्यमंत्री के काफिले की गाड़ी में नजर आए थे, जिसके बाद राजनीतिक हलकों और समर्थकों के बीच काफी चर्चा हुई थी।चुनाव नतीजों के बाद भी वेट्रिवेल मुख्यमंत्री विजय के आवास पहुंचे थे, जहां उन्होंने उन्हें गुलदस्ता देकर जीत की बधाई दी थी।

