
‘जॉनी जॉनी’ और ‘रेन रेन गो अवे’ भारतीय संस्कृति के खिलाफ’, मंत्री बोले
उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने अंग्रेजी नर्सरी राइम्स ‘जॉनी जॉनी यस पापा’ और ‘रेन रेन गो अवे’ को भारतीय मूल्यों के विरुद्ध बताया...
उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने लोकप्रिय अंग्रेजी नर्सरी राइम्स ‘जॉनी जॉनी यस पापा’ और ‘रेन रेन गो अवे’ को भारतीय संस्कृति और मूल्यों के खिलाफ बताते हुए विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये कविताएं बच्चों को झूठ बोलना और स्वार्थी बनना सिखाती हैं।
कानपुर में इस सप्ताह ‘शिक्षा मित्रों’ के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल शिक्षक बनने तक सीमित नहीं है। बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को आकार देने और उनमें संस्कार विकसित करने का माध्यम है।
उन्होंने कहा, “यह छोटी बात लग सकती है। लेकिन शिक्षा से शिक्षक बनने तक का रास्ता बहुत कठिन होता है। जब आप शिक्षक बनते हैं तो आप भविष्य की पीढ़ियों को तैयार कर रहे होते हैं और राष्ट्र निर्माण कर रहे होते हैं। लेकिन सवाल है कि संस्कार कहां से आएंगे?”
‘जॉनी जॉनी’ बच्चों को झूठ सिखाती है
योगेंद्र उपाध्याय ने लोकप्रिय कविता ‘जॉनी जॉनी यस पापा’ की आलोचना करते हुए कहा कि माता-पिता गर्व के साथ बच्चों से मेहमानों के सामने यह कविता सुनवाते हैं। लेकिन उसके संदेश को नहीं समझते।
उन्होंने कहा, “बहुत उत्साह के साथ माता-पिता बच्चों से बुलवाते हैं- ‘जॉनी जॉनी यस पापा, ईटिंग शुगर? नो पापा।’ यह कविता बच्चों को झूठ बोलना सिखाती है। फिर आता है ‘टेलिंग लाइज? नो पापा।’ उसके बाद ‘ओपन योर माउथ, हा हा हा।’ यह चीजों का मजाक बनाती है। आखिर हम बच्चों को क्या सिखा रहे हैं?”
‘रेन रेन गो अवे’ पर भी जताई आपत्ति
मंत्री ने ‘रेन रेन गो अवे’ कविता पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह सामूहिक हित की जगह व्यक्तिगत सुख को बढ़ावा देती है।
उन्होंने कहा, “‘रेन रेन गो अवे, कम अगेन अनदर डे, लिटिल जॉनी वॉन्ट्स टू प्ले।’ इसका मतलब है कि सिर्फ इसलिए बारिश चली जाए क्योंकि छोटा जॉनी खेलना चाहता है। यह किस तरह के मूल्य हैं? यह ‘स्वांतः सुखाय’ नहीं है। हमारी संस्कृति ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की बात करती है।”
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति व्यक्तिगत सुविधा से अधिक सामूहिक कल्याण और प्रकृति के साथ सामंजस्य पर जोर देती है।
योगेंद्र उपाध्याय आगरा दक्षिण विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं और 2012 से लगातार इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भी अपनी सीट बरकरार रखी थी।
समाजवादी पार्टी ने साधा निशाना
समाजवादी पार्टी ने मंत्री के बयान पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि सरकार नौ वर्षों में कुछ खास नहीं कर पाई, इसलिए जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसे मुद्दे उठाए जा रहे हैं।
पार्टी प्रवक्ता शर्वेंद्र बिक्रम सिंह ने कहा, “भाजपा ने पिछले नौ वर्षों में कुछ नहीं किया। अब जनता को बताने के लिए उनके पास कुछ नहीं है, इसलिए ऐसे मुद्दे उठाए जा रहे हैं।”

