मच्छर और माफिया दोनों का इलाज किया, कुशीनगर में बोले सीएम योगी
x

मच्छर और माफिया दोनों का इलाज किया, कुशीनगर में बोले सीएम योगी

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में कहा कि प्रदेश में अब अपराधियों के लिए जगह नहीं है।


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कुशीनगर में विपक्ष पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को अपराध, माफियाओं और बीमारियों के संकट से बाहर निकालने का काम किया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में "मच्छर और माफिया दोनों का इलाज" किया गया है, जिससे प्रदेश में बीमारी और अपराध दोनों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है।

मंगलवार को कुशीनगर जिले को 424 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 278 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए जिले के विकास को नई दिशा देने का दावा किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।

2017 से पहले था पहचान और सुरक्षा का संकट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि करीब एक दशक पहले कुशीनगर पहचान के संकट, अपराध और गंभीर बीमारियों से जूझ रहा था। उस समय खनन माफिया, बालू माफिया और तथाकथित "जंगल पार्टी" का आतंक क्षेत्र में व्याप्त था। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी शायद उस दौर की अराजकता और भय के माहौल से परिचित भी नहीं है।

उन्होंने बताया कि इंसेफेलाइटिस जैसी घातक बीमारी के कारण बड़ी संख्या में बच्चों की जान जाती थी, जबकि स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी बेहद खराब थी। किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गन्ना किसानों को पर्ची मिलने में भी दिक्कत होती थी और उन्हें घटतौली जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

राम मंदिर को लेकर विपक्ष पर हमला

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राम मंदिर निर्माण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण का रास्ता रोके रखा, जबकि समाजवादी पार्टी को उन्होंने "रामद्रोही" बताया।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लगभग 498 वर्ष पहले एक विदेशी आक्रांता द्वारा मंदिर को ध्वस्त किया गया था, लेकिन भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने के बाद राम भक्तों का सपना साकार हुआ और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हो पाया।

फाजिलनगर का नाम बदलकर होगा ‘पावागढ़’

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि फाजिलनगर का नाम बदलकर ‘पावागढ़’ करने का प्रस्ताव सरकार तैयार कर चुकी है।उन्होंने कहा कि 2022 से पहले तमकुहीराज और फाजिलनगर के नामों को लेकर केवल राजनीति और मजाक किया जाता था। क्षेत्र के विधायक और सांसद की मांग को स्वीकार करते हुए सरकार ने फाजिलनगर के नाम परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।मुख्यमंत्री ने बताया कि भगवान महावीर से जुड़े ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए फाजिलनगर को अब ‘पावागढ़’ के नाम से नई पहचान दी जाएगी।

विकास और विरासत को आगे बढ़ाने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को समान महत्व दे रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कुशीनगर सहित पूर्वांचल के सभी जिलों में बुनियादी सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश को विकास और सुशासन के नए मानकों तक पहुंचाना है, ताकि हर वर्ग को उसका लाभ मिल सके।

Read More
Next Story