
दिल्ली में डबल प्रदर्शन, जंतर-मंतर पर CJP तो शंभू बॉर्डर पर किसानों का मार्च
दिल्ली में CJP का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है, जबकि भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में हजारों किसान शंभू बॉर्डर से दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं। दोनों आंदोलनों के बीच राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
दिल्ली में आज दो बड़े प्रदर्शनों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। एक ओर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का जंतर-मंतर पर आंदोलन जारी है, तो दूसरी ओर भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में पंजाब से हजारों किसान दिल्ली की ओर कूच कर रहे हैं।
सोमवार को हुई पुलिस कार्रवाई के बावजूद CJP समर्थक मंगलवार को फिर जंतर-मंतर पर जुट गए। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आज भी संसद मार्च निकालने की तैयारी है।
उधर, भारत-अमेरिका फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के विरोध में पंजाब और अन्य राज्यों से हजारों किसान दिल्ली पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। किसान संगठन 'देश बचाओ मोर्चा' के आह्वान पर अमृतसर, गुरदासपुर और आसपास के इलाकों से किसान शंभू बॉर्डर के रास्ते दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं। उनका कहना है कि प्रस्तावित ट्रेड डील से भारतीय कृषि, डेयरी क्षेत्र और ग्रामीण आजीविका पर नकारात्मक असर पड़ेगा, इसलिए इसे तुरंत रद्द किया जाना चाहिए।
किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इलाके में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 163 लागू कर दी गई है। पुलिस ने कई जगह बैरिकेडिंग की है, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई है। दंगा रोधी उपकरणों से लैस पुलिस बल भी सीमा पर तैनात किया गया है। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर के साथ-साथ संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) और किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के अन्य नेताओं के भी मौके पर पहुंचने की संभावना है।
एक ओर जंतर-मंतर पर CJP और छात्रों का प्रदर्शन जारी है, वहीं दूसरी ओर शंभू बॉर्डर पर किसानों का जमावड़ा बढ़ रहा है। इन दोनों आंदोलनों को देखते हुए दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

