Aaj Ki Taaza Khabar: दिन की बड़ी खबरें, एक साथ
यूपी-बिहार में MLC चुनाव से लेकर BJP की 2027 की तैयारी, पंजाब की सियासत, भारत-चीन सीमा तनाव, चुनाव आयोग विवाद, SIR विरोध और हरियाणा के बिजली संकट तक, आज की बड़ी खबरों पर एक नजर।
यूपी-बिहार में MLC की 19 सीटों पर मतदान
शुक्रवार को उत्तर प्रदेश और बिहार में विधान परिषद की कुल 19 सीटों के लिए मतदान हुआ। दोनों राज्यों में चुनाव स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कराए गए। बिहार में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों के लिए 150 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां कुल 5 लाख 32 हजार 847 मतदाता हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों के लिए 152 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। यहां 14 लाख 81 हजार 310 मतदाता हैं। बीजेपी और समाजवादी पार्टी ने सभी 11 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि कुछ सीटों पर निर्दलीय और बागी उम्मीदवार भी मुकाबले को दिलचस्प बना रहे हैं। मतदान के दौरान कुछ जगहों पर विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबरें भी सामने आईं। गोरखपुर में सपा प्रत्याशी और भाजपा समर्थकों के बीच विवाद हो गया। भाजपा मंडल प्रभारी आशीष गुप्ता ने परिसर के अंदर सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी के बाइट देने का विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में झड़प हुई। दोनों राज्यों में मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इन नतीजों को राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है।
यूपी में BJP का मिशन 2027 तेज, 125 सीटों पर सर्वे पूरा
अब बात उत्तर प्रदेश की राजनीति की। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं। वहीं पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े भी अलग-अलग जिलों में संगठन की स्थिति और संभावित उम्मीदवारों को लेकर फीडबैक जुटा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तावड़े की टीम करीब 125 सीटों पर सर्वे पूरा कर चुकी है। पार्टी का फोकस ऐसे चेहरों की पहचान करना है, जिनके दम पर चुनावी जीत हासिल की जा सके। माना जा रहा है कि सर्वे के आधार पर कुछ मौजूदा विधायकों के टिकट काटे जा सकते हैं। चर्चा है कि जिन विधायकों के खिलाफ उनके क्षेत्रों में नाराजगी है या जो एंटी-इनकंबेंसी का सामना कर रहे हैं, उनके टिकट पर पार्टी दोबारा विचार कर सकती है।
पंजाब में अकाली दल के गठबंधन के संकेत
अब रुख करते हैं पंजाब की राजनीति की ओर। विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में नए राजनीतिक समीकरण बनने की चर्चा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिरोमणि अकाली दल ने कहा है कि वह आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को छोड़कर किसी भी अन्य दल के साथ गठबंधन के लिए तैयार है। यह बयान ऐसे समय आया है, जब भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, दोनों दलों की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने कहा, “अकाली दल एक क्षेत्रीय पार्टी है और हमारे लिए पंजाब सबसे पहले है। हम सरकार बनाएं या न बनाएं, हम पंजाब के लोगों के लिए लड़ते रहेंगे। हमारी नजर में पंजाब के दो सबसे बड़े दुश्मन कांग्रेस और आम आदमी पार्टी हैं। इन पार्टियों के साथ हमारा कभी कोई गठबंधन नहीं हो सकता। हालांकि, हम उन अन्य पार्टियों के साथ गठबंधन करने के लिए तैयार हैं, जो शिरोमणि अकाली दल की विचारधारा और कार्यक्रमों से सहमत हैं।”
दिल्ली एयरपोर्ट पर रोके जाने पर भगवंत मान का बयान
इधर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फ्रांस से लौटते समय दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग द्वारा रोके जाने के मामले पर प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें करीब दो घंटे बैठाकर रखा गया और उनसे कहा गया कि सामान की जांच करनी है, लेकिन सामान से कुछ भी नहीं निकला। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग के प्रमुख मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के भाई हैं और जब भी उन्हें मौका मिलता है, वे बदला लेते हैं। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने 20 अक्टूबर को दावा किया था कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पेरिस से लौटने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर तीन घंटे रोका गया और अधिकारियों ने उनका 50 हजार रुपये का चालान भी काटा।
अरुणाचल में भारत-चीन के बीच तनाव बरकरार
अब बात उस खबर की, जिसने राष्ट्रीय राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। आईटीबीपी के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने कहा है कि पिछले कुछ महीनों में अरुणाचल प्रदेश में भारत और चीन के सैनिक कई बार आमने-सामने आए और कई जगहों पर टकराव की स्थिति बनी हुई है। शत्रुजीत कपूर गुरुवार को राजस्थान के अलवर स्थित सेंट्रल ट्रेनिंग कॉलेज में आयोजित हिमवीर सम्मान समारोह में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि जुलाई के अंत से अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी जिले के असाफिला और माजा इलाकों में तनाव बना हुआ है, जिसे देखते हुए भारत ने सीमा पर अपनी तैनाती बढ़ा दी है। उन्होंने यह भी बताया कि जुलाई से अब तक दोनों देशों के बीच तीन उच्चस्तरीय बैठकें हो चुकी हैं, जिनमें डब्ल्यूएमसीसी, विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता और कोर कमांडर स्तर की बैठक शामिल हैं। इसके बावजूद तनाव बना हुआ है।
आईटीबीपी प्रमुख के इस बयान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार से सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि आईटीबीपी महानिदेशक ने ऐसी बात बताई है, जिसके बारे में पहले से जानकारी थी और सरकार ने अरुणाचल प्रदेश से जुड़ी खबरों को दबाने की कोशिश की।
चुनाव आयोग में अंदरूनी विवाद!
अब बात चुनाव आयोग से जुड़ी एक और खबर की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरटीआई से मिले दस्तावेजों में खुलासा हुआ है कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त मनीष गर्ग के खिलाफ कैबिनेट सचिव टी. वी. सोमनाथन को अलग-अलग पत्र लिखे थे। दोनों ने काम के बंटवारे में किए गए बदलाव पर आपत्ति जताई और उचित कार्रवाई की मांग की। हालांकि, कैबिनेट सचिवालय ने सीधे कार्रवाई करने के बजाय शिकायतों की जानकारी मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यालय को भेज दी।
मनीष गर्ग पर आरोप है कि उन्होंने चुनाव आयोग या संबंधित अधिकारियों से चर्चा किए बिना वरिष्ठ अधिकारियों के कामकाज में बदलाव करने वाला आदेश जारी किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों चुनाव आयुक्तों ने उनके आदेश को पलट दिया था। आरटीआई रिकॉर्ड के अनुसार, कैबिनेट सचिवालय ने 3 और 4 अगस्त को इस मामले पर विचार किया और कहा कि दोनों पत्र व्यक्तिगत हैसियत से लिखे गए थे, पूरे चुनाव आयोग की ओर से औपचारिक शिकायत नहीं थे। सचिवालय का कहना था कि चुनाव आयोग की स्वतंत्रता को देखते हुए पूरे आयोग की आधिकारिक शिकायत के बिना कार्रवाई करना उचित नहीं होगा। यह पूरा विवाद चुनाव आयोग की आंतरिक निर्णय प्रक्रिया, अधिकारियों की जवाबदेही और उसकी संवैधानिक स्वायत्तता को लेकर सवाल खड़े करता है।
दिल्ली में SIR के खिलाफ प्रदर्शन
इधर दिल्ली में बंगला साहिब गुरुद्वारे के पास शुक्रवार को एसआईआर के खिलाफ बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पोस्टर लहराए और उनके इस्तीफे की मांग की। इस प्रदर्शन में कई संगठनों के लोग शामिल हुए। यह प्रदर्शन पीपल अगेंस्ट एसआईआर और छात्र संगठन एआईएसए की ओर से बुलाया गया था। प्रदर्शनकारियों ने बंगला साहिब गुरुद्वारे से चुनाव आयोग के कार्यालय तक मार्च निकालने की योजना बनाई थी। हालांकि पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मार्च के दौरान पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया।
हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से संकट
और आखिर में हरियाणा से एक बड़ी खबर। बिजली कर्मचारियों की 22 से 24 अक्टूबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल के दूसरे दिन कई जिलों में बिजली संकट गहरा गया है। करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत और अंबाला के ग्रामीण तथा औद्योगिक क्षेत्रों में लोग परेशान हैं। सोनीपत में लोगों ने बिजली संकट के विरोध में दिल्ली रोड जाम कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब 40 हजार कर्मचारी हड़ताल पर हैं। कर्मचारी गुरुग्राम और नूंह में निजी कंपनी को बिजली आपूर्ति का लाइसेंस दिए जाने के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं। सरकार आंदोलनकारी कर्मचारियों से बातचीत कर रही है और उम्मीद जताई है कि हड़ताल जल्द समाप्त हो सकती है।

