आसमान के योद्धा अभिनंदन की नई उड़ान, अब कमर्शियल पायलट के तौर पर नई पारी
x

आसमान के योद्धा अभिनंदन की नई उड़ान, अब कमर्शियल पायलट के तौर पर नई पारी

वर्धमान ने 2019 में पाकिस्तान के साथ हवाई लड़ाई के दौरान दुश्मन का एक जेट मार गिराया था और उस देश में तीन दिन तक बंधक रहे थे, उन्हें 2021 में वीर चक्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया।


भारतीय वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र से सम्मानित अभिनंदन वर्धमान एक बार फिर चर्चा में हैं। 2019 में भारत-पाकिस्तान के बीच हवाई संघर्ष के दौरान सुर्खियों में आए अभिनंदन ने अब अपने करियर की नई पारी शुरू की है।

रिपोर्ट के मुताबिक, वायुसेना से रिटायरमेंट के बाद वह गोवा की निजी एयरलाइन FLY91 में कमर्शियल पायलट के तौर पर शामिल हुए हैं। अगस्त 2026 में इसमें बतौर पायलट जुड़े हैं।

दुनियाभर में चर्चा का विषय बने थे अभिनंदन
अभिनंदन वर्धमान 27 फरवरी 2019 दुनिया में चर्चा का विषय बन गए थे। दरअसल, पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत ने बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी। इसके अगले दिन पाकिस्तान फाइटर जेट भारतीय सीमा में घुसे। भारतीय वायुसेना ने जवाबी कार्रवाई की। उस समय विंग कमांडर रहे अभिनंदन श्रीनगर एयरबेस पर MiG-21 बाइसन स्क्वाड्रन के साथ ऑपरेशनल ड्यूटी पर तैनात थे।

पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों की गतिविधि का पता चलने के कुछ ही मिनटों के भीतर अभिनंदन ने अपने MiG-21 बाइसन से उड़ान भरी और उन्हें रोकने के लिए आगे बढ़े। भारतीय वायुसेना के मुताबिक, इसी हवाई संघर्ष के दौरान अभिनंदन ने एक पाकिस्तानी F-16 को मार गिराया। इसके लिए उन्होंने MiG-21 बाइसन पर लगे R-73 एयर-टू-एयर मिसाइल का इस्तेमाल किया था।

हालांकि, इसके कुछ ही समय बाद अभिनंदन का MiG-21 भी मिसाइल की चपेट में आ गया और उन्हें विमान से इजेक्ट करना पड़ा। उनका विमान पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में जा गिरा और अभिनंदन पाकिस्तानी सेना के कब्जे में चले गए।

राष्ट्रीय नायक बने अभिनंदन
इसके बाद उनकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से दुनिया भर में वायरल हुए। करीब तीन दिन तक हिरासत में रखे जाने के बाद 1 मार्च 2019 को पाकिस्तान ने उन्हें भारत को सौंप दिया। उनकी वापसी के बाद अभिनंदन देश में साहस और संयम के प्रतीक के तौर पर देखे जाने लगे।

अभिनंदन की चर्चा सिर्फ उनके सैन्य पराक्रम तक सीमित नहीं रही। उनकी खास स्टाइल की मूंछ भी देश में ट्रेंड बन गई। भारी हैंडलबार मूंछ और मटनचॉप्स वाले उनके लुक को लोगों ने ‘अभिनंदन कट’ के नाम से अपनाना शुरू कर दिया। कई युवाओं ने उनके लुक की नकल की और कुछ ब्रांड्स ने भी विज्ञापनों में उनकी मूंछ की शैली को जगह दी।

भारत सरकार ने उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया। वीर चक्र, परमवीर चक्र और महावीर चक्र के बाद भारत का तीसरा सर्वोच्च युद्धकालीन वीरता पुरस्कार है।

अब करीब सात साल बाद अभिनंदन वर्धमान एक बार फिर विमान उड़ा रहे हैं, लेकिन इस बार आसमान में किसी युद्ध मिशन के लिए नहीं, बल्कि यात्री विमान के कमर्शियल पायलट के तौर पर।

रिपोर्ट के मुताबिक, FLY91 के गोवा और हैदराबाद में बेस हैं और एयरलाइन मार्च 2024 में ऑपरेशन शुरू करने के बाद फिलहाल छह ATR 72-600 विमानों का संचालन करती है।

Read More
Next Story