आगरा ट्रेन सूटकेस कांड: चेन्नई के कमरे में बर्तन से मिले महिला के अंग
x

आगरा ट्रेन सूटकेस कांड: चेन्नई के कमरे में बर्तन से मिले महिला के अंग

आगरा ट्रेन सूटकेस मर्डर केस में बड़ा खुलासा: CCTV के जरिए चेन्नई तक पहुंची पुलिस। किराए के मकान के बर्तन में मिले ओडिशा की महिला के शरीर के टुकड़े।


Gruesome Murder: उत्तर प्रदेश के आगरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से मिले लावारिस सूटकेस में महिला के क्षत-विक्षत शव के अवशेष मिलने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। आगरा जीआरपी (GRP) और चेन्नई पुलिस की संयुक्त जांच में घटना के तार सीधे तमिलनाडु के चेन्नई स्थित एक किराए के मकान से जुड़ गए हैं।


पुलिस ने सीसीटीवी (CCTV) फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान कर ली है। वहीं, चेन्नई में उनके किराए के कमरे में की गई छापेमारी के दौरान रसोईघर में रखे एक बड़े बर्तन से मृतका के शरीर के अन्य कटे हुए अंग भी बरामद हुए हैं।

बदबूदार लावारिस सूटकेस से खुला था सनसनीखेज मामला
यह मामला तब सामने आया जब 5 अगस्त को चेन्नई सेंट्रल से चलकर नई दिल्ली जा रही एक्सप्रेस ट्रेन आगरा रेलवे स्टेशन पर पहुंची।

सूटकेश में मिले थे सड़ चुके अंग: ट्रेन के एक डिब्बे में रखे लाल रंग के ट्रॉली बैग से असहनीय बदबू आने पर यात्रियों ने रेलवे पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने जब सूटकेस खोला तो उसमें एक महिला के सड़े-गले कटे हुए अंग भरे हुए थे।

सीसीटीवी फुटेज से मिली पहली कामयाबी
: आगरा जीआरपी ने मामले की परतें खोलने के लिए स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। जांच में दो संदिग्ध व्यक्ति चेन्नई सेंट्रल स्टेशन से उसी लाल ट्रॉली बैग को ट्रेन में लादते दिखाई दिए, जिसके बाद चेन्नई पुलिस को अलर्ट किया गया।

किराए के मकान में मिला खौफनाक मंजर: बर्तन में भरे थे शरीर के टुकड़े
आगरा पुलिस से मिले इनपुट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चेन्नई पुलिस ने आरोपियों की पहचान मणिक उद्दीन लश्कर और भगवती माझी के रूप में की।

गुदुवांचेरी के कमरे पर रेड: पुलिस टीम ने जब चेन्नई के गुदुवांचेरी इलाके में स्थित संदिग्धों के किराए के मकान पर छापेमारी की, तो वहां रसोई में एक बड़े बर्तन के अंदर मृतका के शरीर के बाकी बचे हिस्से बरामद हुए।

ओडिशा की रहने वाली थी मृतका: जांच में मृतका की पहचान ओडिशा की रहने वाली 38 वर्षीय हयुथन निशा के रूप में हुई है। मृतका के बेटे ने पहले ही उसकी गुमशुदगी (Missing Complaint) की शिकायत दर्ज कराई थी।

आरोपियों की तलाश में छापेमारी और DNA जांच जारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस फरार चल रहे दोनों मुख्य आरोपियों मणिक उद्दीन लश्कर और भगवती माझी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही इस जघन्य हत्याकांड के पीछे के असली कारणों और मर्डर मिस्ट्री की पूरी सच्चाई का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल वैज्ञानिक साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है और डीएनए (DNA) टेस्ट के जरिए यह वैज्ञानिक पुष्टि की जा रही है कि सूटकेस और रसोई के बर्तन में मिले सभी अंग एक ही महिला के हैं।


Read More
Next Story