
फुकेत-दिल्ली एअर इंडिया फ्लाइट में तेज टर्बुलेंस, कई यात्री घायल
थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। कई यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि विमान सुरक्षित दिल्ली उतर गया।
थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 सोमवार को उड़ान के दौरान अचानक तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। इस दौरान विमान में मौजूद कई यात्रियों और कुछ क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आईं। हालांकि विमान ने दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्री व चालक दल सुरक्षित बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टर्बुलेंस इतना तेज था कि कुछ यात्रियों के सिर, गर्दन और कान में चोटें आईं। घटना के बाद प्रभावित यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
एअर इंडिया ने जारी किया बयान
एअर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिससे विमान की ऊंचाई में अचानक हल्का बदलाव आया।एयरलाइन के अनुसार, विमान ने दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्री एवं क्रू सदस्य सुरक्षित रहे।
कंपनी ने बताया कि अब तक किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को गंभीर चोट लगने की सूचना नहीं है। जिन लोगों को मामूली चोटें आईं या चिकित्सकीय जांच की आवश्यकता थी, उन्हें एहतियातन एयरपोर्ट पर मौजूद एअर इंडिया की टीम और मेडिकल स्टाफ की निगरानी में मेडिकल सुविधा केंद्र ले जाया गया।
एअर इंडिया ने कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा तथा उनकी भलाई कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। फिलहाल सभी प्रभावित यात्रियों की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

