अमित शाह बोले- हर सवाल का जवाब दूंगा; राहुल गांधी का वार- हमें नहीं सुनना बयान
x

अमित शाह बोले- हर सवाल का जवाब दूंगा; राहुल गांधी का वार- हमें नहीं सुनना बयान

अमित शाह ने कहा कि वह विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने को तैयार हैं। राहुल गांधी ने पलटवार करते हुए छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री से सीधे सवाल किए।


Amit Shah vs Rahul Gandhi: संसद के मानसून सत्र में छात्र आंदोलन और पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार, (12 अगस्त )को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संसद पहुंचे और विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की पेशकश की। लेकिन कुछ ही देर बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शाह के बयान पर तीखा पलटवार किया।

अमित शाह ने संसद परिसर में पत्रकारों से कहा कि जब से संसद का सत्र शुरू हुआ है, वह लगातार संसद आ रहे हैं और अपने चैंबर में बैठ रहे हैं। उनका कहना था कि विपक्ष सदन को चलने नहीं दे रहा, ऐसे में सदन में जाकर क्या किया जाए।

सवालों का जवाब देने को तैयार
शाह ने कहा कि सरकार छात्र आंदोलन के प्रदर्शन से जुड़े मुद्दों पर हर तरह की चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले ही सरकार की ओर से चर्चा के लिए सहमति स्पष्ट कर चुके हैं। शाह ने विपक्ष से स्पीकर को समय तय करने के लिए पत्र देने को कहा।

गृह मंत्री ने यह भी कहा कि वह खुद सदन में बैठेंगे, विपक्ष को सुनेंगे और सभी सवालों का जवाब देंगे। उन्होंने विपक्ष के सामने सीधा सवाल रखा कि उसे चर्चा करनी है या हंगामा करना है।

यह बयान ऐसे समय आया है जब संसद में छात्र आंदोलन को लेकर लगातार हंगामा हो रहा है। विपक्ष 20 जुलाई को प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार से जवाब मांग रहा है। विपक्ष की ओर से गृह मंत्री अमित शाह की जवाबदेही का मुद्दा भी उठाया जा रहा है। इससे पहले सरकार की ओर से किरेन रिजिजू कई बार कह चुके हैं कि सरकार छात्र और नीट से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है।

लेकिन अमित शाह के आज के बयान के बाद विवाद खत्म होने के बजाय राजनीतिक टकराव और तेज होता दिखा।

राहुल का पलटवार
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शाह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष को अमित शाह का बयान सुनने में कोई दिलचस्पी नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि जब वह 'हम' कहते हैं तो उनका मतलब देश की युवा पीढ़ी से है।

राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि छात्रों पर गोली किसने चलाई? छात्रों को कथित तौर पर कील लगी लाठियों से पीटने का आदेश किसने दिया? उन्होंने सीधे अमित शाह से सवाल करते हुए पूछा कि क्या छात्रों पर गोली चलाने का आदेश गृह मंत्री ने दिया था।

राहुल गांधी ने कहा कि अगर ऐसा आदेश अमित शाह ने दिया था तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछले 20 दिनों से गृह मंत्री गायब हैं और कहा कि देश के गृह मंत्री में सदन में आने की हिम्मत नहीं है।

यानी इस पूरे विवाद में अब सवाल सिर्फ संसद में चर्चा होने या न होने का नहीं रह गया है। सरकार का कहना है कि वह चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष को सदन चलने देना चाहिए। वहीं विपक्ष का कहना है कि चर्चा तभी सार्थक होगी जब सरकार छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई जिम्मेदारी तय करे।

देखना होगा कि क्या विपक्ष अमित शाह के प्रस्ताव के मुताबिक चर्चा के लिए तैयार होता है या फिर छात्रों के मुद्दे पर सरकार से जवाबदेही और इस्तीफे की मांग को लेकर संसद में गतिरोध जारी रहता है। फिलहाल दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर कायम हैं और छात्र आंदोलन संसद की राजनीति के केंद्र में बना हुआ है।

Read More
Next Story