
सतीश गोलचा हटाए गए, अनुराग कुमार को मिली दिल्ली पुलिस की कमान
केंद्र सरकार ने दिल्ली पुलिस में बड़ा बदलाव करते हुए सतीश गोलचा की जगह 1994 बैच के आईपीएस अनुराग कुमार को नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है।
केंद्र सरकार ने दिल्ली पुलिस में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए मौजूदा पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा को पद से हटा दिया है। उनकी जगह 1994 बैच के एजीएमयूटी कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। अनुराग कुमार दिल्ली पुलिस के 27वें पुलिस कमिश्नर होंगे।केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अनुराग कुमार कार्यभार संभालने की तारीख से दिल्ली पुलिस कमिश्नर का पद ग्रहण करेंगे। उनकी नियुक्ति अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
इंटेलिजेंस ब्यूरो से दिल्ली पुलिस की कमान तक
अनुराग कुमार हाल ही में इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने गुरुवार को उन्हें उनके मूल कैडर एजीएमयूटी (अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम एवं केंद्र शासित प्रदेश) में वापस भेजने की मंजूरी दी थी। इसके अगले ही दिन उन्हें दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त कर दिया गया।
सतीश गोलचा को एलजी को करना होगा रिपोर्ट
गृह मंत्रालय के आदेश में कहा गया है कि नए पुलिस कमिश्नर के कार्यभार संभालने के बाद मौजूदा कमिश्नर सतीश गोलचा आगे की नियुक्ति के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) को रिपोर्ट करेंगे।भारत सरकार के अवर सचिव राकेश कुमार सिंह के हस्ताक्षर से जारी यह आदेश दिल्ली के मुख्य सचिव, पुलिस कमिश्नर और उपराज्यपाल के प्रधान सचिव को भी भेजा गया है।
रिटायरमेंट से पहले हटाए जाने पर उठे सवाल
सतीश गोलचा को रिटायरमेंट से पहले ही पुलिस कमिश्नर के पद से हटाया जाना प्रशासनिक हलकों में एक बड़े फैसले के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि राजधानी में अपराध नियंत्रण को लेकर उनकी कार्यशैली पर सवाल उठ रहे थे, जिसके चलते यह बदलाव किया गया। हालांकि, गृह मंत्रालय की ओर से उनकी विदाई के पीछे कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है।
पिछले साल ही संभाली थी कमान
सतीश गोलचा को 21 अगस्त 2024 को दिल्ली पुलिस का कमिश्नर नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह तिहाड़ जेल के महानिदेशक (डीजी-प्रिजन) के पद पर कार्यरत थे। एजीएमयूटी कैडर के 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी गोलचा ने अपने करियर में डीसीपी, जॉइंट सीपी और स्पेशल सीपी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी सेवाएं दी हैं। इसके अलावा वह अरुणाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) भी रह चुके हैं।
स्वतंत्रता दिवस से पहले बदलाव के मायने
स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक महीने पहले दिल्ली पुलिस के शीर्ष पद पर किया गया यह बदलाव कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और वीवीआईपी सुरक्षा की दृष्टि से यह समय बेहद अहम होता है। ऐसे में अनुराग कुमार की नियुक्ति को केंद्र सरकार की रणनीतिक प्रशासनिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

