भाजपा हिंदू धर्म पर कलंक हैं..., वीडियो शेयर कर बरसे केजरीवाल
x

'भाजपा हिंदू धर्म पर कलंक हैं...', वीडियो शेयर कर बरसे केजरीवाल

हनुमान की वेशभूषा में बीजेपी का झंडा लेकर नाचने वाले वीडियो पर अरविंद केजरीवाल का बड़ा हमला। पूरे हिंदू समाज से मांगी माफी।


Kejriwal on Nitin Navin: अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी विवाद के बीच दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने अपने 'एक्स' (ट्विटर) हैंडल पर एक वीडियो साझा करते हुए बीजेपी को सीधे तौर पर आड़े हाथों लिया है। इस वीडियो में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के एक चुनावी रोड शो का दृश्य दिखाई दे रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि रोड शो के दौरान एक शख्स भगवान हनुमान की वेशभूषा धारण किए हुए है। वह शख्स हाथ में बीजेपी का झंडा थामकर गानों की धुन पर सड़क पर जमकर थिरकता नजर आ रहा है। अरविंद केजरीवाल ने इस पूरे घटनाक्रम पर बेहद कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे आस्था का घोर अपमान बताते हुए मांग की है कि इसके लिए बीजेपी को पूरे हिंदू समाज से तुरंत माफी मांगनी चाहिए।


'आतताइयों ने भी इतना अपमान नहीं किया' – केजरीवाल का सीधा वार
इस वीडियो को साझा करते हुए अरविंद केजरीवाल ने बेहद कड़े और आक्रामक शब्दों का इस्तेमाल कर बीजेपी की राजनीतिक सोच को घेरा।


अरविंद केजरीवाल ने 'एक्स' पर लिखा:

"जितना नुकसान और अपमान आप लोगों ने हिंदू धर्म का किया है, शायद भारत के 5000 वर्ष के इतिहास में बाहर से आने वाले आतताइयों ने भी नहीं किया। जितना आप लोगों ने हिंदुओं को लूटा है, आज तक किसी ने नहीं लूटा। हिंदू धर्म पर आप लोग कलंक हैं। ये वीडियो देखिए। ये क्या कर रहे हैं आप। शर्म आती है आपको? माफी मांगिए पूरे हिंदू समाज से।"

'भक्ति बनाम सत्ता का जरिया': केजरीवाल ने समझाया दोनों पार्टियों की विचारधारा में अंतर
अपनी बात को और मजबूती से रखने के लिए अरविंद केजरीवाल ने अपनी गोवा यात्रा की एक तस्वीर और इस वीडियो की तुलना की। उन्होंने 'आप' और 'बीजेपी' की धार्मिक सोच का अंतर देश के सामने स्पष्ट रखा। बता दें कि 4 जुलाई को केजरीवाल ने गोवा के पणजी में स्थित ऐतिहासिक मारुति मंदिर में जाकर हनुमान जी के दर्शन किए थे।

दोनों तस्वीरों को साझा करते हुए उन्होंने लिखा:

आम आदमी पार्टी की विचारधारा: "हम भगवान राम और हनुमान जी के सच्चे भक्त हैं। उनमें हमारी अटूट श्रद्धा और आस्था है। हम उन्हें पूजते हैं, उनके सामने सिर झुकते हैं, उनका आशीर्वाद लेते हैं।"

बीजेपी की विचारधारा: "ये लोग हनुमान जी और रामचंद्र जी को भगवान ही नहीं मानते। इनके लिए राम और हनुमान सिर्फ सत्ता और पैसा पाने का एक जरिया हैं। इन्हें भगवान का अपमान करने में कोई संकोच नहीं होता।"

नितिन नबीन के 'सनातन' वाले बयान पर पलटवार: पूछा- 'आप कौन हैं?'
यह पूरा विवाद दरअसल बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन के उस बयान के बाद और भड़का, जो उन्होंने लखनऊ के एक कार्यक्रम में विपक्ष पर हमला करते हुए दिया था। नितिन नबीन ने राहुल गांधी, अखिलेश यादव और केजरीवाल को चेतावनी देते हुए कहा था कि हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिएगा कि लोग आपके झांसे में आ जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया था कि जब विपक्ष के लोग हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करते हैं, तो ये सभी नेता मौन साधे रहते हैं।

नितिन नबीन के इसी बयान वाले पोस्ट को अपने हैंडल पर री-ट्वीट करते हुए केजरीवाल ने बेहद तल्ख लहजे में सिर्फ तीन शब्द लिखकर उन पर पलटवार किया - "आप कौन हैं?"


Read More
Next Story