
बैंकॉक में दर्दनाक हादसा, पब में आग से 27 की मौत, कई गंभीर
बैंकॉक के एक पब में भीषण आग लगने से 27 लोगों की मौत और 63 लोग घायल हो गए। 22 घायलों की हालत गंभीर है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक पब में भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, घायलों में 22 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
आधी रात के करीब लगी आग
अधिकारियों के मुताबिक, आग आधी रात के करीब बैंकॉक के उत्तरी हिस्से में स्थित एक एंटरटेनमेंट वेन्यू में लगी। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोग जान बचाने के लिए पब से बाहर भागते नजर आए।घटनास्थल पर पहुंचे थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने 27 लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि कई घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
कुछ ही मिनटों में आग ने लिया विकराल रूप
स्थानीय मीडिया के अनुसार, चतुचक (Chatuchak) जिले में स्थित 'रोंग बीयर ना लाट फ्राओ' (Rong Beer Na Lat Phrao) नाम का पब कुछ ही मिनटों में पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। शुरुआती बचाव अभियान के दौरान एक झुलसे हुए व्यक्ति को बाहर निकाला गया, लेकिन बाद में पता चला कि कई लोग इमारत के भीतर फंस गए थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग से बचने के लिए कई लोग पब के टॉयलेट में छिप गए थे। मृतकों में बड़ी संख्या उन लोगों की बताई जा रही है, जिनके शव टॉयलेट के अंदर मिले।
30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू
सूचना मिलते ही फायर डिपार्टमेंट की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में पब का अंदरूनी हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक दिखाई दिया। जली हुई मेज-कुर्सियां और राख से ढकी इमारत के बीच राहत एवं बचाव दल ने देर तक तलाशी अभियान चलाया।
जांच जारी, फायर सेफ्टी पर उठे सवाल
फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आग इतनी तेजी से कैसे फैली और क्या पब में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम मौजूद थे।इस हादसे के बाद थाईलैंड में एंटरटेनमेंट स्थलों की फायर सेफ्टी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है।
पहले भी हो चुके हैं बड़े हादसे
थाईलैंड में इससे पहले भी ऐसे कई दर्दनाक हादसे हो चुके हैं। वर्ष 2022 में पूर्वी थाईलैंड के एक म्यूजिक पब में आग लगने से 14 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, देश की सबसे भीषण नाइटक्लब त्रासदी 2009 में बैंकॉक के सांटिका नाइटक्लब में हुई थी, जहां नए साल के जश्न के दौरान इनडोर फायरवर्क्स से लगी आग में 66 लोगों की मौत और 200 से अधिक लोग घायल हो गए थे।

