
बांकीपुर में बढ़त के बीच PK ने बोला BJP पर हमला, PM मोदी से कर दी खास अपील
जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान क्षेत्र के विकास और राज्य की भावी राजनीति को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बांकीपुर की जनता के विश्वास का सम्मान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
बिहार के बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के रुझानों में जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर लगभग 19 हज़ार वोटों से आगे चल रहे है। रुझानों के बीच दिए गए प्रशांत किशोर के बयानों ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। बांकीपुर के विकास से लेकर राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था और नेतृत्व के मुद्दे पर प्रशांत किशोर ने अपने विचार खुलकर सामने रखे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला ही सर्वोपरि होता है और जनप्रतिनिधियों का पहला कर्तव्य जनता के भरोसे पर खरा उतरना है।
'बांकीपुर का विकास पहली प्राथमिकता'
अपने संबोधन में प्रशांत किशोर ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने जो विश्वास जताया है, उसका सम्मान करना उनकी सबसे पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, "मैं कोई हवाई या असंभव वादे नहीं करना चाहता। मेरे आने से बांकीपुर रातोंरात कोई दूसरा बड़ा शहर नहीं बन जाएगा, लेकिन अगले दो से तीन महीनों में यहां व्यवस्था और विकास से जुड़े सुधार साफ नजर आने लगेंगे।" प्रशांत किशोर ने जोर देकर कहा कि जमीनी स्तर पर काम करके ही जनता की समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जा सकता है।
अपराधी या अयोग्य नेतृत्व से तरक्की संभव नहीं'
राज्य के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि यदि किसी राज्य की कमान अयोग्य या दागी छवि के हाथों में होगी, तो वहां का विकास बाधित होना तय है। उन्होंने कहा कि बिहार को आगे ले जाने के लिए साफ-सुथरी छवि, जनसेवा के प्रति निष्ठा और प्रशासनिक समझ रखने वाले नेताओं की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राजनीति में जीत और हार बनी रहती है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि राज्य के विकास की गति नहीं रुकनी चाहिए।
राज्य नेतृत्व और मुख्यमंत्री पद पर टिप्पणी
भारतीय जनता पार्टी और राज्य के नेतृत्व से जुड़े सवालों पर प्रशांत किशोर ने कहा कि किस पार्टी का मुख्यमंत्री बनता है या कौन सी पार्टी सत्ता में आती है, यह राजनीतिक प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यदि सत्ताधारी दल किसी समुदाय या वर्ग से नेता चुनता है, तो वह व्यक्ति योग्य, ईमानदार और जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब काम और सुशासन के आधार पर मूल्यांकन करती है, न कि केवल बयानों पर।
'प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र सरकार से बिहार की अपेक्षाएं'
केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका पर बात करते हुए जन सुराज प्रमुख ने कहा कि केंद्र को बिहार के अधिकारों और विकास योजनाओं पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री देश के अभिभावक होते हैं। उन्हें यह ध्यान रखना होगा कि केवल गुजरात के लोगों ने ही नहीं, बल्कि बिहार की जनता ने भी उन्हें चुनकर देश का प्रधानमंत्री बनाया है। ऐसे में बिहार के युवाओं, बुनियादी ढांचे और आर्थिक तरक्की के लिए केंद्र सरकार की ओर से ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।"

