
Representative photo
बेंगलुरु में कैब ड्राइवर गिरफ्तार, पत्नी समेत 7 लोगों की हत्या का आरोप
जांच इस बात पर केंद्रित है कि सातों हत्याएं कब और कैसे हुईं, शव कहां ठिकाने लगाए गए और क्या इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी।
कर्नाटक के बेंगलुरु में एक कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी और उसके परिवार के छह अन्य सदस्यों की हत्या का आरोप लगा है। मृतकों में दो सगे भाई, उनकी पत्नियां, सास और सात साल का एक बच्चा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह पारिवारिक विवाद बताई जा रही है। हालांकि, आरोपी के दावे और घटनाक्रम की पुष्टि के लिए पुलिस की जांच जारी है।
दो दिनों में सात लोगों की हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान शेखर उर्फ इंदुशेखर के रूप में हुई है। वह बेंगलुरु के राजाजीनगर इलाके में भाष्यम सर्कल के पास रहता था। करीब 20 साल पहले उसकी शादी सुनीता से हुई थी। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शेखर अपनी पत्नी के मायके जाने और उसके परिवार से मिलने-जुलने को लेकर नाराज रहता था। सुनीता की मां और भाई अक्सर दोनों के बीच विवाद सुलझाने की कोशिश करते थे। आरोपी को यह दखलंदाजी पसंद नहीं थी। आरोप है कि उसने पहले अपनी पत्नी सुनीता की हत्या की। इसके बाद अगले दिन अपने दो सालों शिवकुमार और शंकर को पार्टी के बहाने घर बुलाया और उनकी हत्या कर दी। फिर उनकी पत्नियों दिव्या और नलिनी, अपनी सास रूपावती और सात साल के बच्चे पुनीत को भी मारने का दावा किया।
नंदी हिल्स के पास मिला बच्चे का शव
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शवों को अपनी कार से अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगाया। इनमें चिक्काबल्लापुर जिले का नंदी हिल्स इलाका और तटीय कर्नाटक का चारमाड़ी घाट शामिल हैं। हत्या के बाद घर में खून के निशान मिटाने के लिए केमिकल के इस्तेमाल का भी आरोप है। फिलहाल नंदी हिल्स के पास सात साल के एक बच्चे का शव बरामद हुआ है। हालांकि, पुलिस ने उसकी पहचान की औपचारिक पुष्टि नहीं की है। बाकी शवों की तलाश जारी है।
गुमशुदगी की शिकायत से खुला मामला
यह मामला तब सामने आया, जब नलिनी की मां ने गुरुवार को श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को शेखर पर शक हुआ। पूछताछ में उसके बयानों में विरोधाभास मिलने के बाद पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी की कार और वारदात में इस्तेमाल किए जाने का संदेह वाला पत्थर भी जब्त किया है। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि सातों हत्याएं कब और कैसे हुईं, शव कहां ठिकाने लगाए गए और क्या इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी।

