
लाहौर की पंजाबी कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे भगवंत मान? पाकिस्तान ने कही ये बात
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में भगवंत मान के संभावित दौरे पर प्रतिक्रिया दी।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के संभावित पाकिस्तान दौरे को लेकर इस्लामाबाद ने बड़ा बयान दिया है। पाकिस्तान ने कहा है कि अगर भगवंत मान पाकिस्तान जाना चाहते हैं, तो उनकी वीजा अर्जी पर विचार किया जाएगा। मान को 27 नवंबर को लाहौर में होने वाले वर्ल्ड पंजाबी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। हालांकि, उनके दौरे पर अंतिम फैसला भारत सरकार की अनुमति पर भी निर्भर करेगा।
पाकिस्तान ने क्या कहा?
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने 6 नवंबर को साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में भगवंत मान के संभावित दौरे पर यह प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी के नेता मान पाकिस्तान जाना चाहते हैं, तो पाकिस्तानी सरकार उनके वीजा आवेदन पर विचार करेगी। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि मान को भारत सरकार पाकिस्तान जाने की अनुमति देती है या नहीं, यह अलग मामला है।
यानी फिलहाल पाकिस्तान की ओर से न तो वीजा जारी किया गया है और न ही मान के दौरे की पुष्टि हुई है।
भगवंत मान ने खुद उठाया था सवाल
दरअसल, 23 अक्टूबर को पंजाब विधानसभा के सत्र के दौरान भगवंत मान ने बताया था कि उन्हें लाहौर में 27 नवंबर को होने वाली वर्ल्ड पंजाबी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने का निमंत्रण मिला है।
इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान जाने की अनुमति को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए थे। मान ने कहा था कि दोनों तरफ की संस्कृति एक जैसी है और भारत से कई कवि भी इस सम्मेलन में शामिल होने जाएंगे। उन्होंने यह इच्छा भी जताई थी कि अगर करतारपुर कॉरिडोर दोबारा खुलता है, तो पंजाब विधानसभा के सभी विधायकों को करतारपुर साहिब ले जाया जाए।
करतारपुर कॉरिडोर का भी उठा मुद्दा
पाकिस्तान ने इसी प्रेस ब्रीफिंग में करतारपुर कॉरिडोर को लेकर भी अपना रुख रखा। पाकिस्तानी प्रवक्ता ने कहा कि अगर भारत की तरफ से लगी पाबंदियां हटाई जाती हैं, तो पाकिस्तान श्रद्धालुओं की आवाजाही में सहयोग के लिए तैयार है।
गौरतलब है कि करतारपुर कॉरिडोर 7 मई 2025 से भारतीय श्रद्धालुओं के लिए बंद है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर हमले किए थे। इसके बाद कॉरिडोर से आवाजाही रोक दी गई थी।
पाकिस्तान ने गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती पर ननकाना साहिब आने वाले सिख श्रद्धालुओं का स्वागत करने की भी बात कही है।
भारत और पाकिस्तान के बीच धार्मिक यात्राओं को लेकर 1974 का प्रोटोकॉल भी लागू है।
फिलहाल, भगवंत मान के पाकिस्तान दौरे को लेकर गेंद भारत सरकार के पाले में है। पाकिस्तान ने वीजा आवेदन पर विचार करने की बात कही है, लेकिन अब देखना होगा कि केंद्र सरकार उन्हें लाहौर जाने की अनुमति देती है या नहीं।

