मुंबई के भिवंडी में 4 मंजिला इमारत ढही, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका
x

मुंबई के भिवंडी में 4 मंजिला इमारत ढही, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

मुंबई के पास भिवंडी में चार मंजिला रिहायशी इमारत ढह गई। मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। NDRF और बचाव दल राहत अभियान में जुटे हैं।


मुंबई के निकट भिवंडी में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां 'कोहिनूर' नाम की चार मंजिला रिहायशी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इमारत ढहते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मलबे के नीचे 8 से 10 लोगों के दबे होने की आशंका है।

हादसे की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), भिवंडी पुलिस, दमकल विभाग और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पोकलेन मशीनों और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है, ताकि मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

मरम्मत के दौरान टूटे थे तीन पिलर

स्थानीय लोगों के अनुसार, इमारत काफी पुरानी थी और पिछले कुछ दिनों से उसमें मरम्मत का काम चल रहा था। आरोप है कि मरम्मत के दौरान ठेकेदार और मजदूरों ने इमारत के तीन पिलर तोड़ दिए, जिससे उसकी नींव कमजोर हो गई। इसी कारण इमारत संतुलन खो बैठी और देखते ही देखते पूरी तरह ढह गई।

आवाज सुनकर बाहर निकले कई लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमारत गिरने से कुछ देर पहले उसमें कंपन और तेज आवाजें सुनाई दी थीं। खतरे का अंदेशा होते ही अधिकांश निवासी समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा जान-माल का नुकसान टल गया।हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि पहली मंजिल पर रहने वाले कुछ लोग और मरम्मत कार्य में लगे कुछ मजदूर अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं। प्रशासन का कहना है कि सभी संभावित फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।

Read More
Next Story