
नितिन नबीन की नई टीम का ऐलान, वसुंधरा राजे-राम माधव, स्मृति ईरानी को मिली जगह
पार्टी के संगठन में किए गए इस फेरबदल में अनुभवी नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार, 17 अगस्त को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। पार्टी के संगठन में किए गए इस फेरबदल में अनुभवी नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
नई टीम को चुनते वक्त पार्टी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए अपनी टीम तैयार की। टीम में यूपी के 6 पदाधिकारी हैं। वहीं राजस्थान से 3, दिल्ली से 6, महाराष्ट्र से 4, उत्तराखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पंजाब, बंगाल, केरल और बिहार से 2-2 चेहरों को जगह दी गई है।
वसुंधरा राजे बनी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
नई टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव राम माधव और बैजयंत पांडा समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, भारती प्रवीण पवार और मनप्रीत सिंह बादल समेत कई अन्य नेताओं को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।
स्मृति ईरानी बनी राष्ट्रीय महासचिव
राष्ट्रीय महासचिवों की टीम में भी अहम बदलाव किए गए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। उनके साथ विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को भी राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल को नई टीम में बरकरार रखा गया है।
बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव संगठन के पद पर बने रहेंगे। वहीं शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव संगठन बनाया गया है।
इसके अलावा पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और राजेश मंगल को राष्ट्रीय संयुक्त कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। तरुण चुघ को केंद्रीय कार्यालय प्रभारी और महेंद्र पांडे को केंद्रीय कार्यालय सचिव की जिम्मेदारी मिली है।
अलग-अलग मोर्चों में नियुक्तियां
बीजेपी के अलग-अलग मोर्चों में भी नियुक्तियां की गई हैं। डॉ. हेमंग जोशी को युवा मोर्चा, रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा और अमरपाल मौर्य को ओबीसी मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं किसान, एससी, एसटी और अल्पसंख्यक मोर्चे के लिए भी नए अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
मीडिया की जिम्मेदारी अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक और दीपक म्हास्के को सोशल मीडिया संयोजक के तौर पर दी गई है।
नितिन नबीन की नई टीम को बीजेपी के संगठनात्मक पुनर्गठन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आगामी चुनावों और पार्टी के विस्तार के लिहाज से इस नई टीम की भूमिका महत्वपूर्ण रहने वाली है।

