
UP से टिकट कटा, MP से हरदीप पुरी को राज्यसभा भेजने की तैयारी में BJP!
यूपी से टिकट कटने के बाद बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव का उम्मीदवार बनाया है।
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को बीजेपी ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव का उम्मीदवार बनाया है। यह उपचुनाव 12 नवंबर को होगा। पुरी फिलहाल उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं और उनका कार्यकाल 25 नवंबर को खत्म हो रहा है। इसी महीने बीजेपी ने उत्तर प्रदेश से उन्हें दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया था। इसके बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं।
एल मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई सीट
मध्य प्रदेश की यह राज्यसभा सीट केंद्रीय मंत्री रहे एल मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई है। मुरुगन ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद और राज्यसभा, दोनों से इस्तीफा दे दिया था। उनका राज्यसभा कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। इस्तीफे की वजह बताते हुए उन्होंने तमिलनाडु की राजनीति और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने पर ध्यान देने की बात कही थी।
12 नवंबर को उपचुनाव
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन की आखिरी तारीख 2 नवंबर है। 3 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 5 नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। जरूरत पड़ने पर 12 नवंबर को मतदान होगा और उसी दिन वोटों की गिनती भी होगी।
मध्य प्रदेश विधानसभा में बीजेपी का बहुमत है। ऐसे में हरदीप सिंह पुरी की जीत की संभावना मजबूत मानी जा रही है।
उत्तर प्रदेश में क्यों नहीं मिला था टिकट?
इस महीने उत्तर प्रदेश की दस राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हुए थे। बीजेपी ने अपने सभी आठ मौजूदा सांसदों की जगह नए चेहरों को उम्मीदवार बनाया।
बीजेपी के आठ और समाजवादी पार्टी के दो उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में नए चेहरों को मौका दिया, लेकिन अब पुरी को मध्य प्रदेश से उम्मीदवार बनाकर संसद में उनकी मौजूदगी बनाए रखने का रास्ता खोला है।
बीजेपी के फैसले के मायने
26 अक्टूबर को मध्य प्रदेश बीजेपी की कोर कमेटी ने इस सीट के लिए चार-पांच संभावित नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजने का फैसला किया था। इनमें प्रदेश के बाहर के नेताओं के नाम भी चर्चा में थे।
अब पार्टी ने हरदीप सिंह पुरी पर भरोसा जताया है।

