
BJP ने राज्यों में बदले प्रभारी: स्मृति ईरानी से राम माधव तक, जानिए किसे कहां मिली कमान
पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार, 23 सितंबर को इन नियुक्तियों की घोषणा की। यह बदलाव ऐसे समय किया गया है, जब कई राज्यों में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए सभी 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार, 23 सितंबर को इन नियुक्तियों की घोषणा की। यह बदलाव ऐसे समय किया गया है, जब कई राज्यों में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं।
स्मृति ईरानी और राम माधव को दो-दो राज्यों की जिम्मेदारी
भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया है। वहीं पार्टी उपाध्यक्ष राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई है। उत्तराखंड में अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी बनाया गया है, जबकि तमिलनाडु में निर्मल कुमार सुराणा और डीके अरुणा सह-प्रभारी होंगे।
यूपी की जिम्मेदारी विनोद तावड़े को
उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
दिल्ली की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेता विनय सहस्रबुद्धे को दी गई है। उनके साथ जामयांग त्सेरिंग नामग्याल और दर्शना जरदोश सह-प्रभारी होंगे। महाराष्ट्र में बैजयंत जय पांडा को प्रभारी बनाया गया है। अमित मालवीय, सदानंद शेत तानावड़े और कमलजीत सहरावत उनके साथ सह-प्रभारी होंगे।
बंगाल-तेलंगाना सुनील बंसल के पास
सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल और तेलंगाना का प्रभार सौंपा गया है। हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक, जबकि सतीश पूनिया को जम्मू-कश्मीर और पंजाब की जिम्मेदारी मिली है।
इसके अलावा बिप्लब कुमार देब को मध्य प्रदेश, संजय भाटिया को राजस्थान, गजेंद्र पटेल को झारखंड और श्रीकांत शर्मा को हिमाचल प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया है। अनिल एंटनी नागालैंड के प्रभारी और गोवा के सह-प्रभारी बनाए गए हैं।
कम्युनिकेशन टीम में भी बदलाव
भाजपा ने अपनी कम्युनिकेशन टीम में भी बदलाव किया है। राष्ट्रीय महासचिव अनिल बलूनी को पार्टी के कम्युनिकेशन विभाग का कोऑर्डिनेटर बनाया गया है। इस विभाग के तहत राष्ट्रीय मीडिया और सोशल मीडिया इकाइयां आती हैं। वहीं आशीष उषा अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया विभाग का संयोजक बनाया गया है।

