
@LulaOficial
ब्राजील में ट्रंप के आलोचक लूला की जीत,चौथी बार बनेंगे राष्ट्रपति, चुनाव नतीजों पर विवाद
ब्राजील में लूला दा सिल्वा ने 51.79% वोटों के साथ राष्ट्रपति चुनाव जीता, लेकिन मतदान प्रक्रिया और नतीजों को लेकर विवाद ने राजनीतिक तनाव बढ़ा दिया।
ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने राष्ट्रपति चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। 25 अक्टूबर को हुए दूसरे दौर के मतदान में लूला ने दक्षिणपंथी उम्मीदवार फ्लावियो बोल्सोनारो को हराकर चौथी बार राष्ट्रपति बनने का रास्ता साफ किया। ब्राजील के चुनाव प्राधिकरण के अंतिम नतीजों के मुताबिक, लूला को 51.79 फीसदी यानी 6.43 करोड़ से ज्यादा वोट मिले। वहीं, फ्लावियो बोल्सोनारो को 48.21 फीसदी यानी करीब 5.98 करोड़ वोट हासिल हुए। दोनों के बीच लगभग 44.3 लाख वोटों का अंतर रहा।
पहले दौर में पिछड़े, दूसरे में पलटा मुकाबला
4 अक्टूबर को हुए पहले दौर के मतदान में फ्लावियो बोल्सोनारो को 47.03 फीसदी और लूला को 45.16 फीसदी वोट मिले थे। इसके बाद दोनों के बीच सीधा मुकाबला हुआ। दूसरे दौर में लूला ने सोशल मीडिया अभियान और जनसभाओं के जरिए अपने समर्थकों को लामबंद किया। इस दौरान सामाजिक कल्याण योजनाएं, आर्थिक नीतियां और देश की संप्रभुता प्रमुख मुद्दे रहे।
ट्रंप की नीतियों के आलोचक हैं लूला
लूला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापार नीतियों और ब्राजील पर लगाए गए टैरिफ के आलोचक रहे हैं। उन्होंने अमेरिकी दबाव के बीच ब्राजील के आर्थिक हितों और स्वतंत्र विदेश नीति पर जोर दिया। उनकी जीत से लैटिन अमेरिका की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में वामपंथी नेतृत्व बना रहेगा। वहीं, फ्लावियो बोल्सोनारो पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे हैं और दक्षिणपंथी राजनीति का प्रतिनिधित्व करते हैं।
मतदान समय बढ़ाने पर विवाद
चुनाव के दिन कुछ मतदान केंद्रों पर समय बढ़ाने के फैसले ने विवाद खड़ा कर दिया। सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के आदेश के बाद, जो मतदान केंद्र खुले थे, वहां मतदान का समय शाम पांच बजे से बढ़ाकर सात बजे तक किया गया। हालांकि, तब तक कई मतदान केंद्र बंद हो चुके थे और उनकी ईवीएम दोबारा नहीं खोली गईं।
फ्लावियो बोल्सोनारो ने इस फैसले को अभूतपूर्व बताते हुए चुनाव परिणाम रद्द करने की मांग की। उन्होंने हार स्वीकार नहीं की। दूसरी ओर, चुनाव प्राधिकरण ने लूला की जीत की पुष्टि की।
मजदूर नेता से राष्ट्रपति तक का सफर
80 वर्षीय लूला का राजनीतिक सफर मजदूर आंदोलन से शुरू हुआ था। उन्होंने 2003 से 2010 तक लगातार दो कार्यकाल राष्ट्रपति के रूप में काम किया। इसके बाद 2023 में उन्होंने जायर बोल्सोनारो को हराकर सत्ता में वापसी की। अब उनकी जीत उन्हें चौथी बार राष्ट्रपति पद संभालने का अवसर देगी। उनका नया कार्यकाल जनवरी 2027 में शुरू होगा।
हालांकि, लूला के सामने महंगाई, अपराध, आर्थिक विकास और राजनीतिक ध्रुवीकरण जैसी चुनौतियां बनी रहेंगी। चुनाव में दोनों उम्मीदवारों के बीच करीबी मुकाबला ब्राजील में गहरे राजनीतिक विभाजन को भी दिखाता है। अब लूला के सामने जीत को शासन में बदलने और देश के अलग-अलग राजनीतिक धड़ों को साथ लेकर चलने की चुनौती होगी।

