BRICS Summit 2026: मोदी-पुतिन की बैठक, प्रधानमंत्री ने रूसी राष्ट्रपति को भेंट किया तमिल भाषा का प्राचीन ग्रंथ
ब्रिक्स सम्मेलन में भाग लेने रूसी राष्ट्रपति पुतिन दिल्ली पहुंच गए हैं। उनका प्लेन रात करीब 3 बजे दिल्ली उतरा। विदेश राज्य मंत्री केवी सिंह ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। दिल्ली में हो रहा ब्रिक्स सम्मेलन भारत की कूटनीतिक और वैश्विक भूमिका के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Live Updates
- 11 Sept 2026 5:13 PM IST
पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति की मीटिंग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 से इतर द्विपक्षीय बैठक से पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का स्वागत किया। पीएम एम मोदी ने इस मुलाक़ात में राष्ट्रपति पुतिन को तमिल के प्रसिद्ध लेखक तिरुवल्लुवर की लिखी 'तिरुकुरल' का रूसी अनुवाद भेंट किया। तिरुकुरल तमिल भाषा का प्राचीन धर्म ग्रंथ है।
- 11 Sept 2026 1:10 PM IST
ईरानी राष्ट्रपति भारत के लिए रवाना
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन भारत के लिए तेहरान से रवाना हो गए हैं। वे ब्रिक्स समिट में शामिल होंगे और आज (11 सितंबर, 2026) बाद में पीएम मोदी के साथ एक अहम द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किर्गिस्तान के बिश्केक में SCO समिट के दौरान ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन से मुलाकात की थी। भारत ने क्षेत्र में लंबे समय तक शांति और स्थिरता के लिए सभी प्रयासों का समर्थन दोहराया।
इससे पहले, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने नई दिल्ली के साथ अपने पुराने संबंधों को लेकर तेहरान की प्राथमिकता पर ज़ोर दिया था। 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स समिट के लिए राष्ट्रपति पेज़ेशकियन के एजेंडे को देखते हुए, श्री बघाई ने भरोसा जताया कि बहुपक्षीय कूटनीति से द्विपक्षीय प्रगति और तेज़ होगी।
- 11 Sept 2026 11:48 AM IST
ब्रिक्स के लिए ज्यादा आर्थिक गतिविधि मतलब आर्थिक आत्मनिर्भरता : जयशंकर
ब्रिक्स समिट 2026 | ब्रिक्स बिज़नेस फोरम में बोलते हुए विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा, "मुख्य बात यह है कि हमारे देशों में बिज़नेस के लिए ज़्यादा पार्टनर खोजना, ज़्यादा मार्केट तक पहुँचना, सप्लाई नेटवर्क को जोड़ना और एक-दूसरे की खूबियों को कमर्शियल पार्टनरशिप में बदलना कैसे आसान बनाया जाए। ब्रिक्स के लिए,ज्यादा आर्थिक गतिविधि और ज्यादा आर्थिक सुरक्षा का मतलब है अधिक आत्मनिर्भरता। मकसद यह है कि हम जुड़े रहने और कॉम्पिटिटिव बने रहने के साथ-साथ झटकों को झेलने की अपनी क्षमता को मज़बूत करें। इसके लिए सही मार्केट प्रैक्टिस, भरोसेमंद लॉजिस्टिक्स, एक भरोसेमंद बिज़नेस माहौल, कमर्शियल रिश्ते और पारदर्शी व्यापार और निवेश की ज़रूरत है। इसके लिए ऐसे एनर्जी सिस्टम की भी ज़रूरत है जो रुकावटों का सामना कर सकें और ऐसे ट्रांज़िशन रास्ते हों जो अलग-अलग देशों की स्थितियों के हिसाब से हों।"
- 11 Sept 2026 11:37 AM IST
Su-57 फाइटर जेट की डील पर रहेगी नजर
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें भारत और रूस के बीच Su-57 फाइटर जेट की डील पर आज समझौता हो सकता है। भारत और रूस के बीच Su-57 फाइटर जेट की डील पर आज समझौता हो सकता है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन BRICS समिट के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं।आज दोपहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बैठक होगी। बातचीत में रूस की तरफ से भारत में Su-57 के प्रोडक्शन और जरूरी तकनीक साझा करने की पेशकश पर चर्चा हो सकती है। इससे पहले 2016 की गोवा BRICS समिट में भारत और रूस के बीच S-400 एयर डिफेंस सिस्टम की डील पर सहमति बनी थी। इस बार भी पुतिन के दौरे में रक्षा सहयोग अहम मुद्दा रहने की उम्मीद है।

