x

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का ‘जन महाभियोग’ टला, राहुल गांधी ने बताई बड़ी वजह

चुनाव आयोग की निष्पक्षता और SIR पर उठते सवालों के बीच विपक्ष ने अपने विरोध कार्यक्रम की नई तारीख तय की।


मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन का प्रस्तावित ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम बारिश के कारण एक दिन के लिए टाल दिया गया है। अब यह कार्यक्रम शुक्रवार, 30 अक्टूबर की जगह शनिवार, 31 अक्टूबर को होगा। विपक्ष ने यह फैसला आपसी सहमति से लिया है। कार्यक्रम दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के सरकारी आवास, 10 राजाजी मार्ग पर आयोजित होना था।

राहुल गांधी ने बताई वजह
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि बारिश के कारण कार्यक्रम को अगले दिन के लिए स्थगित किया गया है। वरिष्ठ नेताओं को बारिश में बैठने में परेशानी हो सकती थी। इसलिए सभी दलों ने मिलकर यह फैसला लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शनिवार को उसी समय और उसी स्वरूप में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में क्या होगा?
प्रस्तावित कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार करेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक प्रस्ताव पेश करेंगे। इसके बाद INDIA गठबंधन के विभिन्न दलों के प्रतिनिधि अपनी बात रखेंगे। राहुल गांधी समापन संबोधन देंगे। विपक्ष इस कार्यक्रम के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग उठाएगा।

क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, INDIA गठबंधन लगातार चुनाव आयोग की निष्पक्षता और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूचियों से नाम हटाने और कथित ‘वोट चोरी’ की शिकायतों पर चुनाव आयोग ने संतोषजनक कार्रवाई नहीं की।इन्हीं आरोपों को लेकर विपक्ष ने ‘जन महाभियोग’ आयोजित करने का फैसला किया था।

हालांकि, यह संवैधानिक महाभियोग नहीं, बल्कि विपक्ष का प्रतीकात्मक राजनीतिक विरोध है। इससे मुख्य चुनाव आयुक्त को कानूनी तौर पर पद से नहीं हटाया जा सकता।

अब 1 नवंबर की महारैली पर नजर
इस कार्यक्रम के अगले दिन, 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की बड़ी रैली प्रस्तावित है। कांग्रेस ने इसे ‘दिल्ली चलो’ अभियान का हिस्सा बताया है। रैली में कथित वोट चोरी, SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को प्रमुख मुद्दा बनाया जाएगा। फिलहाल बारिश के कारण ‘जन महाभियोग’ एक दिन टला है, लेकिन चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का राजनीतिक अभियान जारी है।

Read More
Next Story