
NEET पर राहुल गांधी का हमला, बोले- छात्रों से माफी मांगें पीएम मोदी
नीट मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी छात्रों से माफी मांगें। इसके साथ ही गृहमंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
CJP Protest Live Updates: नीट मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी छात्रों से माफी मांगें। इसके साथ ही गृहमंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
Live Updates
- 21 July 2026 11:58 AM IST
AAP ने प्रदर्शन के बाद पकड़े गए छात्रों के लिए जारी की हेल्पलाइन
आम आदमी पार्टी (AAP) ने सोमवार को हुए विरोध प्रदर्शन के बाद हिरासत में लिए गए या कार्रवाई का सामना कर रहे छात्रों की मदद के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बताया कि जिन छात्रों को कानूनी या चिकित्सीय (मेडिकल) सहायता की आवश्यकता है, वे इस हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं।
केजरीवाल ने कहा, "मैं सोमवार को निकले मार्च में खुद शामिल नहीं हो सका था, लेकिन मेरे दोनों बच्चे प्रदर्शनकारियों का हौसला बढ़ाने और समर्थन देने के लिए 4-5 घंटे तक उनके साथ मार्च में शामिल हुए थे।" - 21 July 2026 11:57 AM IST
CJP की दिल्ली पुलिस से मांग: हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों का ब्योरा दे और तुरंत रिहा करे
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रंका ने मंगलवार को दिल्ली पुलिस से राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को निकले विरोध मार्च के बाद अब तक हिरासत में रखे गए लोगों की संख्या उजागर करने की मांग की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट में रंका ने लिखा, "दिल्ली पुलिस को स्पष्ट रूप से बताना चाहिए कि कल के विरोध प्रदर्शन से कितने लोग अभी भी हिरासत में हैं।" इसके साथ ही उन्होंने हिरासत में लिए गए सभी लोगों की तुरंत रिहाई की मांग करते हुए कहा, "सभी हिरासत में लिए गए लोगों को तुरंत रिहा किया जाना चाहिए।" - 21 July 2026 11:49 AM IST
आम आदमी पार्टी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की
दिल्ली में सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन के बीच आम आदमी पार्टी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ सौरव भारद्वाज और आतिशी भी दिखाई दीं।
- 21 July 2026 11:45 AM IST
अभिजीत दीपके ने बातचीत के लिए सरकार के सामने रख दी नई शर्त
दिल्ली में सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन के बीच इसके मुखिया अभिजीत दीपके ने बातचीत को लेकर एक नई शर्त रख दी है। उन्होंने कहा है कि सरकार या पुलिस अगर उनसे बातचीत करना चाहती है तो उनको जंतर-मंतर आना होगा। सीजेपी पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है।
- 21 July 2026 10:46 AM IST
CJP के विरोध प्रदर्शन पर BJP सांसद के. सुधाकर कहते हैं, "...इसमें कोई दम नहीं है; यह ज़्यादातर मनगढ़ंत है। वे लोकतंत्र को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जो कभी नहीं होगा। विपक्ष शायद नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा करने की योजना बना रहा हो, लेकिन भारत में ऐसा कभी नहीं होगा। यह सबसे ज़्यादा लोकतांत्रिक देश है... मैं छात्रों की मौजूदगी पर सवाल नहीं उठा रहा, लेकिन वहाँ बाहरी लोग भी थे। उन्हें किसने भेजा? उनका मकसद क्या था? उनका क्या कनेक्शन था? वहाँ असामाजिक तत्व भी मौजूद थे; वे वहाँ कैसे पहुँचे? इन सबके पीछे कौन है? सब कुछ सामने आ जाएगा। पूरा देश सच जान जाएगा।"
- 21 July 2026 9:31 AM IST
आज़ाद समाज पार्टी - कांशी राम के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आज़ाद संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वे पेपर लीक के मामले और कल CJP के विरोध मार्च के दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग कर रहे हैं।
- 21 July 2026 9:28 AM IST
सोनम वांगचुक के ज़रूरी हेल्थ पैरामीटर स्थिर हैं। हालांकि, उनके ब्लड शुगर का लेवल कम बना हुआ है। कल रात लिए गए सैंपल की जांच में उनका सीरम पोटैशियम लेवल 3.2 mEq/L पाया गया है, और उन्हें लगातार पैनसाइटोपेनिया (pancytopenia) की समस्या बनी हुई है, जिसमें एनीमिया और ल्यूकोसाइट काउंट कम होना शामिल है। इन क्लिनिकल और लैबोरेटरी पैरामीटर्स को देखते हुए लगातार जांच और कड़ी निगरानी की ज़रूरत है। उन्हें अभी ओरल रिहाइड्रेशन थेरेपी (ORS) और ओरल पोटैशियम सप्लीमेंट दिया जा रहा है। हालांकि, बार-बार मेडिकल सलाह के बावजूद वे इंट्रावेनस (IV) फ्लूइड और ग्लूकोज लेने से इनकार कर रहे हैं।
- 21 July 2026 9:25 AM IST
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल जाएंगे। यहां वह CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रदर्शन के दौरान घायल हुए लोगों से मुलाकात करेंगे और उनका हालचाल जानेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, केजरीवाल घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ-साथ उनके परिजनों से भी बातचीत कर सकते हैं। CJP प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प के बाद कई प्रदर्शनकारी घायल हुए थे, जिनका इलाज RML अस्पताल में चल रहा है।
- 21 July 2026 6:25 AM IST
20 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 70 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया। हालांकि, रात में कई प्रदर्शनकारी फिर से जंतर-मंतर लौट आए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने उनका मंच भी हटा दिया, जिसके बाद उन्होंने दोबारा वहीं से आंदोलन शुरू कर दिया।
- 21 July 2026 6:24 AM IST
दिल्ली के जंतर-मंतर से संसद तक निकाला गया मार्च दिल्ली में पिछले कुछ सालों के सबसे हिंसक टकरावों में से एक में बदल गया. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इसमें 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस जैसे सीनियर अधिकारी भी शामिल थे. इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोमवार देर रात कहा कि संसद तक मार्च मंगलवार को भी जारी रहेगा.
सोमवार को दिल्ली पुलिस के जवानों की ओर से पहले बनाया गया मंच कथित तौर पर हटा दिए जाने के बाद CJP के प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर लौट आए हैं. वहीं, जब दिपके से संसद तक मार्च जारी रखने को लेकर सवाल पूछा गया, तो जवाब देते हुए उन्होंने कहा, 'हम फिर से मार्च करेंगे. हम प्रदर्शन स्थल को नहीं छोड़ेंगे.'

