
दिल्ली मेट्रो की नई एडवाइजरी, शनिवार को भी 17 स्टेशन रहेगे बंद, जानिए पूरी लिस्ट
शनिवार को लगातार चौथे दिन सेंट्रल दिल्ली के 17 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला लिया है। ये पाबंदियां सुबह 7:30 बजे से लागू हैं।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के चल रहे प्रदर्शन और सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बड़ा फैसला लिया है। शनिवार को भी सेंट्रल दिल्ली के 17 प्रमुख मेट्रो स्टेशन आम यात्रियों के लिए बंद रहेंगे। यह लगातार चौथा दिन है जब जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था के चलते मेट्रो स्टेशनों को बंद रखा गया है।
सुबह 7:30 बजे से लागू रहेंगी पाबंदियां
DMRC के मुताबिक, ये पाबंदियां शनिवार सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक लागू रहेंगी। हालांकि, यात्रियों की सुविधा के लिए राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर केवल ट्रेन बदलने (Interchange) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इन स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट (आवाजाही के गेट) पूरी तरह बंद रहेंगे।
यात्रियों को मिलेगी केवल इंटरचेंज (Interchange) की सुविधा
मेट्रो से सफर करने वाले लाखों यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए DMRC ने एक राहत भरी व्यवस्था भी दी है। बंद रहने वाले स्टेशनों में शामिल तीन सबसे प्रमुख स्टेशनों—राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट (केंद्रीय सचिवालय) पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज सुविधा चालू रहेगी।
इसका मतलब यह है कि अगर किसी यात्री को एक मेट्रो लाइन से दूसरी लाइन पर जाने के लिए ट्रेन बदलनी है, तो वह इन स्टेशनों के अंदर ही बदलकर अपनी आगे की यात्रा जारी रख सकता है। हालांकि, इन स्टेशनों से बाहर निकलने या बाहर से अंदर प्रवेश करने की अनुमति किसी को भी नहीं होगी।
बंद रहने वाले 17 प्रमुख मेट्रो स्टेशन:
राजीव चौक
पटेल चौक
मंडी हाउस
सेंट्रल सेक्रेटेरिएट
आईटीओ
दिल्ली गेट
इंद्रप्रस्थ
खान मार्केट
जोर बाग
शिवाजी स्टेडियम
झंडेवालान
लोक कल्याण मार्ग
रामकृष्ण आश्रम मार्ग
बाराखंभा रोड
सुप्रीम कोर्ट
सेवा तीर्थ
जनपथ
सुरक्षा व्यवस्था के चलते लिया गया फैसला
पिछले कुछ दिनों से जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुट रहे हैं। सेंट्रल दिल्ली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अनहोनी से बचने के लिए दिल्ली पुलिस के निर्देशों पर मेट्रो संचालन में यह अस्थायी बदलाव किया गया है।

