LIVE
x

LIVE : रांची में छात्रों पर लाठीचार्ज और बल प्रयोग को राहुल गाँधी ने बताया गलत

झारखंड की राजधानी रांची में जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी आज यानी सोमवार को विधानसभा मार्च निकाल रहे हैं।


झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में विधानसभा की ओर बढ़ रहे छात्रों पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया है। इसी मुद्दे पर मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे बीजेपी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए नेताओं में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी समेत पार्टी के अन्य विधायक शामिल हैं। इस मामले की पल-पल की अपडेट जानने के लिए जुड़े रहिए द फेडरल देश के साथ-

Live Updates

  • 10 Aug 2026 6:59 PM IST

    झारखण्ड विधानसभा के पास डटे छात्र

    रांची में JPSC-JSSC परीक्षा को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन ने राज्य सरकार के होश फाख्ता कर दिए हैं. प्रदर्शनकारी छात्र विधायक आवास से निकलकर विधानसभा के सामने डटे हुए हैं. छात्रों ने स्पष्ट कहा कि वे अब यहीं धरना देंगे और उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा. प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी कर रहे हैं और सरकार से तत्काल समाधान की मांग कर रहे हैं. विधानसभा के आसपास छात्रों की बड़ी संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग भी की गई है. छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार ठोस फैसला नहीं लेती, वे प्रदर्शन स्थल से हटने वाले नहीं हैं.

  • 10 Aug 2026 6:51 PM IST

    रांची में छात्रों पर हुए बल प्रयोग को राहुल ने बताया गलत

    राहुल गांधी ने झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग की आलोचना की है. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा- लोकतंत्र में छात्रों को अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने का पूरा अधिकार है, और किसी भी स्थिति में उनके खिलाफ बल प्रयोग करना सरासर गलत है.



    राहुल गांधी ने झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन पर एक्स पर एक पोस्ट डाला. जिसमें उन्होंने कहा, छात्रों की समस्या का हल केवल बातचीत के माध्यम से ही निकाला जा सकता है. इसलिए, झारखंड सरकार को प्रदर्शनकारी छात्रों की जायज मांगों को संवेदनशीलता से सुनना चाहिए और उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करना चाहिए.

  • 10 Aug 2026 3:34 PM IST

    90 फीसदी छात्र शांतिपूर्ण हैं : रांची सिटी एसपी

    रांची सिटी SP पारस राणा कहते हैं, "90% छात्र शांतिपूर्ण हैं, लेकिन 10% किसी की बात नहीं मान रहे हैं। अगर भीड़ में 700-1000 छात्र किसी की बात नहीं सुन रहे हैं, यहां तक ​​कि अपने प्रतिनिधियों की भी नहीं, और उन्होंने बैरिकेडिंग तोड़ दी है - बैरिकेडिंग को धकेलते हुए तीन पुलिसकर्मियों को कुचल दिया - फिर भी पुलिसकर्मियों ने संयम बरता। उन्होंने पुलिस बल पर पत्थर भी फेंके। फिर भी, हमने बहुत कम समय के लिए ही सख्ती दिखाई क्योंकि वे सभी छात्र हैं। मैं सभी से शांति बनाए रखने और हिंसा न करने की अपील करता हूं। आपकी मांगें सरकार तक पहुंच रही हैं, आक्रामक न हों... हम छात्रों से अपील करते हैं कि वे शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करें और पुलिस पर पत्थर न फेंकें..."



  • 10 Aug 2026 2:38 PM IST

    झारखंड CID ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामले में JPSC के पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते को गिरफ़्तार किया। खियांग्ते ने इससे पहले 22 जुलाई 2026 को इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने इस्तीफा तब दिया था जब CID ने JPSC परीक्षा धांधली के मामले में छापेमारी की थी। 

  • 10 Aug 2026 2:31 PM IST

    छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर पुलिस ने क्या कहा?

    झारखंड विधानसभा मार्च के लिए निकले छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज को लेकर रांची के SP (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी ने कहा, "जब उनमें से कुछ लोगों ने आखिरी बैरिकेडिंग तक पहुंचने की कोशिश की, जहां पहले से ही धारा 163 लागू है, तो हल्का लाठीचार्ज किया गया। लाठी का बहुत कम इस्तेमाल किया गया। हम लगातार छात्रों से बात कर रहे हैं। वे अभी शांत हैं और हम उनसे लगातार बातचीत कर रहे हैं। छात्र कुछ समय के लिए यहीं रुकने पर सहमत हो गए हैं।"



  • 10 Aug 2026 1:54 PM IST

    पुलिस छात्रों से सहयोग करे: JLKM विधायक की अपील

    रांची में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के बीच, झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के विधायक जयराम कुमार महतो ने कहा, "झारखंड पुलिस के लिए एक संदेश है - झारखंड के छात्रों का सहयोग करें क्योंकि यह एक शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन है।" छात्रों पर लाठीचार्ज के बारे में उन्होंने कहा, "यह ठीक नहीं है। यह पूरी तरह से शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन है, तो आप लाठी का इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं?" पुलिस लाठीचार्ज में लगी चोटों के बारे में उन्होंने कहा, "हां, मैंने सुना है। इसलिए मैं यहां आया हूं। मैं पता लगाने की कोशिश करूंगा कि क्या हो रहा है।"



  • 10 Aug 2026 1:28 PM IST

    पुलिस ने लाठीचार्ज किया:प्रदर्शनकारी छात्र

    रांची (झारखंड)में 'विधानसभा घेराव' मार्च के दौरान एक प्रदर्शनकारी छात्र ने कहा, "पुलिस ने बैरिकेडिंग के पास विरोध कर रहे छात्रों पर बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया। लाठी का इस्तेमाल सिर्फ़ कमर के नीचे किया जाना चाहिए, लेकिन उन्होंने हमारे सिर, हाथों, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किया। यह सरकार के दोहरे रवैये को दर्शाता है।"


  • 10 Aug 2026 1:13 PM IST

    एंबुलेंस से पहुंचे देवेंद्र नाथ महतो

    विधानसभा मार्च में इस मार्च में नौ दिन से अनशन पर बैठे स्टूडेंट लीडर देवेंद्र नाथ महतो भी शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा, "मैं भूख हड़ताल पर हूं, इसके बावजूद प्रदर्शन में शामिल होने आया हूं. मैं यहां एंबुलेंस से पहुंचा हूं और स्ट्रेचर पर आगे बढ़ रहा हूं।"


Read More
Next Story