कौन हैं दीपक म्हस्के? BJP के नए आईटी सेल प्रमुख, अमित मालवीय की लेंगे जगह
x

कौन हैं दीपक म्हस्के? BJP के नए आईटी सेल प्रमुख, अमित मालवीय की लेंगे जगह

लंबे समय से बीजेपी के आईटी और सोशल मीडिया से जुड़े काम की अगुवाई कर रहे अमित मालवीय की जगह अब छत्तीसगढ़ के नेता दीपक म्हस्के को जिम्मेदारी दी गई है।


भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया। इस फेरबदल में पार्टी के डिजिटल संगठन में भी बड़ा बदलाव हुआ है। लंबे समय से बीजेपी के आईटी और सोशल मीडिया से जुड़े काम की अगुवाई कर रहे अमित मालवीय की जगह अब छत्तीसगढ़ के नेता दीपक म्हस्के को जिम्मेदारी दी गई है। बीजेपी की ओर से जारी नई नियुक्तियों में म्हस्के को सोशल मीडिया कन्वीनर बनाया गया है।

अमित मालवीय 2015 से बीजेपी के राष्ट्रीय आईटी सेल के प्रमुख थे। यानी करीब 11 साल बाद पार्टी के इस महत्वपूर्ण डिजिटल पद पर नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। हालांकि, बीजेपी ने मालवीय को हटाने के पीछे कोई आधिकारिक कारण सार्वजनिक नहीं किया है।

ऐसे में सवाल है कि दीपक म्हस्के कौन हैं और पार्टी ने उन्हें डिजिटल संगठन की इतनी अहम जिम्मेदारी क्यों दी है?

प्रोफेसर के तौर पर शुरू हुआ करियर

दीपक म्हस्के का संबंध छत्तीसगढ़ से है और वह लंबे समय से राज्य बीजेपी के संगठन से जुड़े रहे हैं। राजनीति में सक्रिय होने से पहले उन्होंने केमिस्ट्री के प्रोफेसर के तौर पर काम किया।

बाद में उनका दायरा राजनीति, कृषि और संगठनात्मक गतिविधियों तक बढ़ा। उनकी प्रोफाइल में हॉर्टिकल्चर और ऑर्गेनिक फार्मिंग से जुड़ा अनुभव भी दर्ज है। यही विविध पृष्ठभूमि उन्हें बीजेपी के दूसरे नेताओं से अलग बनाती है।

चुनावी डेटा में भी अनुभव

म्हस्के की प्रोफाइल का सबसे महत्वपूर्ण पहलू उनका डेटा एनालिसिस का अनुभव है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक उन्होंने चुनावी आंकड़ों और सरकारी लाभार्थी योजनाओं से जुड़े डेटा को इकट्ठा करने और उसका विश्लेषण करने का काम किया है।

यानी उनकी विशेषज्ञता केवल सोशल मीडिया पोस्ट या डिजिटल कैंपेन तक सीमित नहीं है। चुनावी डेटा को समझना, उसका विश्लेषण करना और उसके आधार पर रिपोर्ट तैयार करना उनके अनुभव का हिस्सा रहा है। यही पहलू बीजेपी के डिजिटल संगठन में उनकी नई भूमिका के लिहाज से खास महत्व रखता है।

बीजेपी से पुराना संगठनात्मक जुड़ाव

दीपक म्हस्के का बीजेपी से जुड़ाव भी हाल का नहीं है। वह 2009 से बीजेपी से जुड़े हुए हैं और छत्तीसगढ़ संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। राज्य स्तर पर वह पार्टी के आईटी और सोशल मीडिया संगठन से भी जुड़े रहे हैं। इस लिहाज से राष्ट्रीय स्तर पर सोशल मीडिया की जिम्मेदारी उनके लिए बिल्कुल नया क्षेत्र नहीं है। फर्क सिर्फ इतना है कि अब उनका दायरा छत्तीसगढ़ से बढ़कर पूरे देश तक हो गया है।

सरकारी और कॉरपोरेट संस्थानों में भी जिम्मेदारी
म्हस्के का अनुभव राजनीतिक संगठन तक सीमित नहीं रहा। वह छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन से जुड़े रहे हैं और इस संस्था के अध्यक्ष के तौर पर भी काम कर चुके हैं। इसके अलावा उन्हें Engineers India Limited यानी EIL के बोर्ड में नॉन-ऑफिशियल इंडिपेंडेंट डायरेक्टर नियुक्त किया गया था। EIL पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के तहत आने वाली सरकारी कंपनी है।

म्हस्के का पहला कार्यकाल नवंबर 2021 में शुरू हुआ था। बाद में मार्च 2025 में उन्हें दूसरे कार्यकाल के लिए फिर नियुक्त किया गया। उनका दूसरा कार्यकाल मार्च 2026 में समाप्त हुआ।

अब राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी
बीजेपी के लिए आईटी और सोशल मीडिया संगठन सिर्फ ऑनलाइन प्रचार का माध्यम नहीं है। पार्टी लंबे समय से डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपने नेताओं और नीतियों का संदेश कार्यकर्ताओं और मतदाताओं तक पहुंचाती रही है। ऐसे में इस संगठन का नेतृत्व पार्टी की राजनीतिक कम्युनिकेशन रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका रखता है।

Read More
Next Story