
दिल्ली सरकार ने खत्म किया वर्क फ्रॉम होम, अब छह दिन ऑफिस
दिल्ली सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए बुधवार और शनिवार की वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था खत्म कर दी है। अब नए ऑफिस समय के साथ नियमित उपस्थिति होगी।
दिल्ली सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को दी जा रही बुधवार और शनिवार की वर्क फ्रॉम होम (WFH) सुविधा समाप्त करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के मुताबिक, जियो-पॉलिटिकल हालात सामान्य होने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस व्यवस्था को खत्म करने को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में औपचारिक आदेश जल्द जारी किया जाएगा।
ऑफिस टाइमिंग में भी बदलाव
वर्क फ्रॉम होम नीति समाप्त करने के साथ ही दिल्ली सरकार ने कार्यालयों के समय में भी बदलाव किया है। अब दिल्ली सरकार के सभी विभागों के कार्यालय सुबह 10:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक खुलेंगे।हालांकि, दिल्ली नगर निगम (MCD) के कार्यालयों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। एमसीडी के दफ्तर पहले की तरह सुबह 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक ही संचालित होंगे।
मई में लागू किए गए थे विशेष उपाय
गौरतलब है कि मई 2026 में दिल्ली सरकार ने प्रदूषण कम करने, ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने और ईंधन की खपत घटाने के उद्देश्य से कई विशेष प्रशासनिक कदम उठाए थे। उस समय पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील के बाद सरकार ने ये फैसले लिए थे।
क्या-क्या फैसले लिए गए थे?
सरकार ने उस समय कई अहम कदम उठाए थे, जिनमें शामिल थे—
सप्ताह में दो दिन (बुधवार और शनिवार) वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था।
'मेट्रो मंडे' अभियान, जिसके तहत मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित किया गया।
मंत्रियों और अधिकारियों के सभी आधिकारिक विदेशी दौरों पर एक वर्ष की रोक।
दिल्ली सरकार के लिए नई पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और हाइब्रिड वाहनों की खरीद पर छह महीने की रोक।
'नो व्हीकल डे' की भी थी अपील
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नागरिकों से हर सप्ताह 'नो व्हीकल डे' मनाने की अपील भी की थी। साथ ही सरकारी और निजी संस्थानों को ऑनलाइन बैठकों, सुनवाई और लेक्चर को बढ़ावा देकर अनावश्यक यात्रा कम करने के लिए प्रोत्साहित किया गया था।
अब सामान्य होगी व्यवस्था
सरकार का कहना है कि अब अंतरराष्ट्रीय हालात पहले की तुलना में सामान्य हो चुके हैं। ऐसे में वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था समाप्त कर सरकारी कामकाज को पूरी तरह सामान्य किया जा रहा है। हालांकि, ट्रैफिक प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार और एमसीडी के कार्यालयों के अलग-अलग समय का फॉर्मेट फिलहाल जारी रहेगा।

