दिल्ली के कालकाजी में बहस के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या
x

दिल्ली के कालकाजी में बहस के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या

दिल्ली के कालकाजी में पड़ोसियों के विवाद में मंजीत सिंह उर्फ बंटी की मौत। बहन का आरोप- पड़ोसियों ने पीट पीट कर मार डाला, लोग वीडियो बनाते रहे।


Crime in Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का कालकाजी इलाका देर रात खून-खराबे से दहल उठा। एल-8 (L-8) बिल्डिंग में रहने वाले मंजीत सिंह उर्फ बंटी घड़ियाल की पड़ोसियों के साथ हुई कहासुनी ने इतना हिंसक मोड़ ले लिया कि बंटी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को रात करीब 12:03 बजे झगड़े की पीसीआर (PCR) कॉल मिली थी। शुरुआती पड़ताल में सामने आया है कि ग्राउंड फ्लोर और तीसरी मंजिल पर रहने वाले लोगों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई थी, जो देखते ही देखते लात-घूंसों की मारपीट में बदल गई। पीड़ित परिवार का साफ आरोप है कि बंटी की योजनाबद्ध तरीके से पीट-पीटकर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।


'सर पर मारा, फिर गिरते ही बरसाए लात-घूंसे': बहन ने बयां की खौफनाक दास्तान
मृतक बंटी की बहन ने मीडिया से बात करते हुए रुंधे गले से उस खौफनाक मंजर का खुलासा किया। उन्होंने सीधा आरोप लगाते हुए कहा, "रज्जी चौधरी, उनके पति और उनकी बेटी ने मिलकर मेरे भाई को ऑन द स्पॉट जान से मार डाला। उन्होंने पहले भाई के सिर पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद जब तक उनकी सांसें नहीं थम गईं, तब तक वे उन्हें बेरहमी से पीटते रहे।" बहन ने यह भी बताया कि बीच-बचाव करने आए उनके छोटे भाई दिलबाग सिंह पर भी हमला किया गया, जिससे उसकी नाक से खून बहने लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

इंसानियत शर्मसार: 'लोग वीडियो बनाते रहे, कोई बचाने नहीं आया'
घटना के दौरान सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि जब बंटी पर जानलेवा हमला हो रहा था, तब आस-पास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। पीड़ित बहन ने बिलखते हुए कहा, "हम चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन कोई हमारी मदद के लिए आगे नहीं आया। लोग बस अपने मोबाइल से वीडियो बना रहे थे।" बंटी अपने पीछे दो छोटे मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। बेबस परिवार अब न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस से दोषियों के लिए फांसी की सजा की मांग कर रहा है।

AIIMS ट्रॉमा सेंटर में घोषित किया मृत, भाई का इलाज जारी
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची और लहूलुहान पड़े दोनों भाइयों—मंजीत और दिलबाग को एम्स (AIIMS) ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वहाँ डॉक्टरों ने मंजीत उर्फ बंटी को मृत घोषित कर दिया, जबकि दिलबाग का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत बिल्डिंग के बाहर कहासुनी से हुई थी, जिसने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, कई टीमें गठित
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली (South East) के डीसीपी विनीत कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई विशेष टीमें बनाई गई हैं। पुलिस की टीमें बिल्डिंग और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज की गहनता से जांच कर रही हैं ताकि आरोपियों की सटीक पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह साफ हो पाएगी।


Read More
Next Story