
दिल्ली मेट्रो फेज-4 के नए कॉरिडोर का काम शुरू, सीएम रेखा गुप्ता ने किया आगाज
इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ अंडरग्राउंड कॉरिडोर से जुड़ेगी पूरी दिल्ली, बनने के बाद मैजेंटा लाइन होगी सबसे लंबी, सात अलग-अलग लाइनों के लिए मिलेगा इंटरचेंज।
Delhi Metro: दिल्ली वालों के लिए यातायात के मोर्चे पर एक बहुत बड़ी और शानदार खुशखबरी सामने आई है। दिल्ली मेट्रो फेज-4 के बहुप्रतीक्षित नए इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर के निर्माण कार्य का औपचारिक रूप से शुभारंभ हो गया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन साइट पर पहुंचकर इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। इस खास मौके पर सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन पर डायफ्राम वॉल निर्माण कार्य की शुरुआत की गई, जिसे इस पूरे प्रोजेक्ट का पहला और बेहद महत्वपूर्ण निर्माण चरण माना जा रहा है।
मैजेंटा बन जाएगी दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी लाइन
यह नया मेट्रो कॉरिडोर दिल्ली के पब्लिक ट्रांसपोर्ट के ढांचे को पूरी तरह से बदलने वाला साबित होगा। करीब 12.377 किलोमीटर लंबा यह इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर पूरी तरह से भूमिगत (Underground) होगा, जो दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन (लाइन-8) का विस्तार है। इस नए रूट पर कुल 10 आधुनिक अंडरग्राउंड स्टेशन बनाए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट के पूरा होते ही मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 89 किलोमीटर हो जाएगी, जिसके बाद यह दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की सबसे लंबी लाइन का गौरव हासिल कर लेगी।
सात मेट्रो लाइनों से मिलेगा सीधा इंटरचेंज
इस नए रूट की सबसे खास बात यह है कि इस सिंगल कॉरिडोर के जरिए यात्रियों को सात अलग-अलग मेट्रो लाइनों के लिए इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी। इसके बन जाने के बाद इंद्रलोक स्टेशन पर रेड और ग्रीन लाइन, नबी करीम पर मैजेंटा लाइन, नई दिल्ली स्टेशन पर येलो लाइन और एयरपोर्ट एक्सप्रेस (ऑरेंज लाइन), दिल्ली गेट पर वायलेट लाइन और इंद्रप्रस्थ स्टेशन पर ब्लू लाइन से सीधा जुड़ाव हो जाएगा। यानी इस एक रूट के माध्यम से बेहद आसानी से पूरी दिल्ली के किसी भी कोने में पहुंचा जा सकेगा।
इन प्रमुख इलाकों तक पहुंचना होगा बेहद आसान
इस नए कॉरिडोर के रूट में इंद्रलोक, दया बस्ती, सराय रोहिल्ला, अजमल खां पार्क, झंडेवालान मंदिर, नबी करीम, नई दिल्ली, दिल्ली गेट, दिल्ली सचिवालय, आईजी स्टेडियम और इंद्रप्रस्थ स्टेशन शामिल हैं। यह रूट सराय रोहिल्ला और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, दिल्ली सचिवालय, झंडेवालान मंदिर, अरुण जेटली स्टेडियम, कर्तव्य पथ और सेंट्रल विस्टा जैसे कई महत्वपूर्ण स्थानों को निर्बाध मेट्रो कनेक्टिविटी से जोड़ेगा। इससे सरकारी कर्मचारियों, छात्रों, व्यापारियों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा।
दिसंबर 2030 तक पूरा होगा यह महाप्रोजेक्ट
इस पूरे कॉरिडोर में सराय रोहिल्ला स्टेशन सबसे महत्वपूर्ण ट्रांजिट हब के रूप में उभरेगा, जो मध्य दिल्ली के घनी आबादी वाले क्षेत्रों और करोल बाग जैसे बड़े व्यावसायिक बाजारों को जोड़ेगा। आपको बता दें कि केंद्र सरकार ने मार्च 2024 में दिल्ली मेट्रो के इस फेज-4 विस्तार को अपनी हरी झंडी दी थी, जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस परियोजना की आधारशिला रखी थी। अधिकारियों के मुताबिक, इस इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर को दिसंबर 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
Next Story

