दिल्ली में बारिश से थमी रफ्तार, दावों के बीच जलभराव और भारी जाम से जनता बेहाल
x

दिल्ली में बारिश से थमी रफ्तार, दावों के बीच जलभराव और भारी जाम से जनता बेहाल

राजधानी में मानसून की पहली ही मूसलाधार बारिश से सड़कों पर लगा कई किलोमीटर लंबा जाम, महरौली में रिकॉर्ड 83 मिमी वर्षा, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की रूट एडवाइजरी।


Rainfall and Water Logging In Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मानसून की पहली ही मूसलाधार बारिश ने प्रशासनिक तैयारियों और भाजपा सरकार के दावों की कलई खोलकर रख दी है। दिल्ली में सरकार को आए लगभग डेढ़ साल बीत चुके हैं, लेकिन जलजमाव मुक्ति के बड़े-बड़े वादे पहली ही बारिश के पानी में बह गए। सड़कों पर हुए भारी जलजमाव के कारण दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हालात बद से बदतर हो गए हैं, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने निर्वाचन क्षेत्र का जमीनी मुआयना जरूर किया, लेकिन आम जनता को जलभराव के संकट से जूझना ही पड़ा।


महरौली और छतरपुर में रिकॉर्ड बारिश
दिल्ली में पिछले 24 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश के कारण दक्षिण दिल्ली के इलाकों में सबसे ज्यादा तबाही देखने को मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक महरौली में सबसे अधिक 83 मिलीमीटर और छतरपुर में 68 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। निचले इलाकों में हालात इतने खराब हैं कि लोगों के घरों के अंदर तक पानी पहुंच गया है। सड़कों पर घुटने तक पानी भर जाने से वहां से गुजरने वाले वाहनों और बसों के आधे पहिए डूब रहे हैं।

लाजपत नगर और रिंग रोड पर थमी रफ्तार
जलभराव के कारण पूरी दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था बेपटरी हो गई है। लाजपत नगर, रिंग रोड, अमर कॉलोनी, विक्रम विहार, दयानंद कॉलोनी और निर्मल पुरी जैसे इलाकों में वाहनों की गति पर पूरी तरह ब्रेक लग गया है। सड़कों पर कई-कई फीट पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। पैदल चलने वाले लोगों का हाल और बुरा है, क्योंकि पास से गुजरने वाली गाड़ियों से छिटकने वाला गंदा पानी उनकी परेशानी बढ़ा रहा है।

सरकारी एजेंसियां अलर्ट पर, दावे बरकरार
इस भारी अव्यवस्था के बीच मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से बयान जारी कर दावा किया गया है कि स्थिति नियंत्रण में है। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद पीडब्ल्यूडी, जल बोर्ड और नगर निगम की टीमें सड़कों पर मुस्तैद हैं और जलभराव से निपटने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही हैं। हालांकि सरकारी दावों के उलट जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है क्योंकि मुख्य मार्गों से लेकर रिहायशी इलाकों तक पानी भरा हुआ है।

ट्रैफिक पुलिस ने जारी की सख्त एडवाइजरी
सड़कों पर बने संकट को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने गाजियाबाद से दिल्ली आने वालों के लिए रूट एडवाइजरी जारी की है। नेशनल हाईवे 24 पर तीन फीट तक पानी भरने से गाड़ियों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गई हैं। वाहन चालकों को गाजियाबाद के सेक्टर 62 से वसुंधरा होते हुए बुद्ध चौक, फिर मोहन नगर से सीमापुरी बॉर्डर होकर दिल्ली में प्रवेश करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा बुराड़ी में जलभराव के चलते दिल्ली सरकार की एक बस बीच सड़क में ही फंस गई है।

इन रास्तों पर जाने से पूरी तरह बचें
ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली के कई संवेदनशील जलभराव वाले इलाकों की सूची जारी कर वहां न जाने की हिदायत दी है। गाजीपुर की मुर्गा मंडी, पांडव नगर अंडरपास, श्मशान घाट के पास की सर्विस रोड और आईएसबीटी फ्लाईओवर अंडरपास वाले रास्तों पर भयंकर जाम लगा हुआ है। पांडव नगर अंडरपास में भी तीन फीट तक पानी जमा हो चुका है, जिससे वाहन चालकों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग का आगामी दिनों के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने 10 जुलाई को भी दिल्ली में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी दी है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं 11 जुलाई को भी गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि 12 और 13 जुलाई को बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने के संकेत हैं।


Read More
Next Story