दिल्ली में कार के नीचे फंसी बाइक, फिर भी नहीं रुका ड्राइवर! वायरल VIDEO पर पुलिस का एक्शन
x

दिल्ली में कार के नीचे फंसी बाइक, फिर भी नहीं रुका ड्राइवर! वायरल VIDEO पर पुलिस का एक्शन

दिल्ली के आरके पुरम में एक कार की टक्कर के बाद मोटरसाइकिल उसमें फंसकर कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। पुलिस ने कार जब्त कर चालक के खिलाफ FIR दर्ज की है।


दिल्ली के आरके पुरम में सड़क हादसे का एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में नीले रंग की कार के नीचे एक मोटरसाइकिल फंसी दिखाई देती है। कार के आगे बढ़ने के साथ बाइक सड़क पर घिसटती है और उससे चिंगारियां निकलती नजर आती हैं। वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले में कार्रवाई की है।

अफ्रीका एवेन्यू रोड पर हुआ हादसा
घटना 17 सितंबर की रात करीब 10 बजे अफ्रीका एवेन्यू रोड पर हुई। कार भिकाजी कामा प्लेस की तरफ से आरके पुरम मेट्रो स्टेशन की ओर जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, मुनिरका गांव निवासी 21 वर्षीय तनीष टोकस सड़क किनारे खड़ी अपनी मोटरसाइकिल पर बैठे थे। इसी दौरान वसंत कुंज निवासी 73 वर्षीय वेणु गोपाल की नीले रंग की होंडा अमेज ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

कार में फंसी बाइक, सड़क पर निकलीं चिंगारियां
टक्कर के बाद तनीष बाइक से नीचे गिर गए, जबकि मोटरसाइकिल कार में फंस गई और कुछ दूरी तक सड़क पर घिसटती चली गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार ने बाइक को घसीटा था, बाइक सवार को नहीं।

घटना के बाद तनीष का मेडिकल कराया गया। पुलिस के मुताबिक, उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। वायरल वीडियो में सड़क पर मौजूद कुछ लोग कार का पीछा करते दिखाई देते हैं। बाद में लोगों ने कार को रुकवाया और चालक को बाहर निकलने के लिए कहा।

कार जब्त, चालक के खिलाफ फिर
मामले की जानकारी मिलने पर आरके पुरम थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल नीले रंग की कार को जब्त कर लिया और चालक वेणु गोपाल को पकड़ लिया।

आरके पुरम पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 281 और 125(ए) के तहत FIR दर्ज की गई है। ये धाराएं सार्वजनिक रास्ते पर लापरवाही से वाहन चलाने और ऐसे लापरवाह कृत्य से जुड़ी हैं, जिससे किसी की जान या व्यक्तिगत सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

मेडिकल जांच में शराब की पुष्टि नहीं
पुलिस ने चालक का मेडिकल भी कराया। जांच में उसके शराब के सेवन की पुष्टि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

गुरुग्राम और लखनऊ में भी सामने आए हिट एंड रन के मामले
दिल्ली की यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब हाल के दिनों में गुरुग्राम और लखनऊ में भी कार से टक्कर मारने के गंभीर मामले चर्चा में रहे हैं।

गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर शिवानी चौहान उर्फ सिया को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने कल्याण बैंसला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जांच और उपलब्ध वीडियो के आधार पर FIR में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराएं भी जोड़ी हैं।

वहीं लखनऊ में जनेश्वर मिश्र पार्क के पास 22 वर्षीय अनामिका को कार से टक्कर मारने और बोनट पर कुछ दूरी तक ले जाने का मामला सामने आया। पुलिस ने आरोपी शाहनवाज को गिरफ्तार किया है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।

Read More
Next Story