संसद के मानसून सत्र को लेकर लुटियंस दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट
x

संसद के मानसून सत्र को लेकर लुटियंस दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट

20 जुलाई से शुरू हो रहे मॉनसून सत्र को लेकर सुरक्षा सख्त; रफी मार्ग, रायसीना रोड समेत कई रास्तों पर डायवर्जन, मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट के इस्तेमाल की सलाह।


Monsoon Session: संसद का हाई-प्रोफाइल मॉनसून सत्र सोमवार (20 जुलाई) से शुरू होने जा रहा है। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के चलते नई दिल्ली और लुटियंस जोन के इलाकों में सुरक्षा-व्यवस्था के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। वीआईपी और वीवीआईपी मूवमेंट में भारी बढ़ोतरी को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर के आम नागरिकों के लिए एक विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, संसद सत्र के दौरान लुटियंस दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव सामान्य दिनों से काफी ज्यादा रहेगा, इसलिए दफ्तर जाने वाले और आम मुसाफिर अपनी यात्रा की प्लानिंग पहले से करके ही घर से निकलें।


इन प्रमुख सड़कों और चौराहों पर जाने से बचें
एडवाइजरी के अनुसार, संसद भवन के आसपास की प्रमुख सड़कों जैसे रफी मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, मौलाना आजाद रोड, के. कामराज मार्ग, रायसीना रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड, पार्लियामेंट स्ट्रीट, अशोका रोड, तालकटोरा रोड, पंडित पंत मार्ग और रकाबगंज गुरुद्वारा रोड पर ट्रैफिक का दबाव सबसे ज्यादा रहेगा। इसके अलावा विजय चौक, बोट क्लब, रेल भवन, सुनहरी मस्जिद, पटेल चौक, बूटा सिंह, प्राइम चौक, जीआरजी और जलेबी चौक राउंडअबाउट (गोलचक्कर) पर सुरक्षा जांच और वीआईपी काफिलों के कारण गाड़ियों की रफ्तार बेहद धीमी रह सकती है या समय-समय पर ट्रैफिक रोका जा सकता है।

जाम से बचने के लिए पुलिस ने सुझाए ये वैकल्पिक मार्ग
ट्रैफिक पुलिस ने लुटियंस जोन से गुजरने वाले वाहन चालकों को राहत देने के लिए कई वैकल्पिक रास्ते भी सुझाए हैं। जाम से बचने के लिए लोग जनपथ, मान सिंह रोड, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, शांति पथ, कमाल अतातुर्क मार्ग, पंचशील मार्ग, विनय मार्ग, कनॉट प्लेस (CP) आउटर सर्किल, बाबा खड़क सिंह मार्ग, आरएमएल गोलचक्कर, मदर टेरेसा क्रेसेंट रोड, 11 मूर्ति और सरदार पटेल मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं। इन रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन का असर अपेक्षाकृत कम रहेगा।

सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, मेट्रो के इस्तेमाल की सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि मॉनसून सत्र के दौरान सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर है, इसलिए हालात को देखते हुए किसी भी समय अचानक डायवर्जन लागू किया जा सकता है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे सड़कों पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। लुटियंस दिल्ली या सेंट्रल दिल्ली में काम करने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे निजी वाहनों के बजाय दिल्ली मेट्रो या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। किसी भी इमरजेंसी या अपडेट के लिए लोग ट्रैफिक हेल्पलाइन 1095, 011-25844444 या व्हाट्सएप नंबर 8750871493 पर संपर्क कर सकते हैं।


Read More
Next Story