
दिल्ली SIR रिपोर्ट: 1.45 करोड़ मतदाताओं में से 97 लाख डेटा ऑनलाइन दर्ज
दिल्ली में SIR Phase-3 की गणना पूरी। 1.45 करोड़ मतदाताओं के 100% फॉर्म बंटे, 67.18% का डिजिटलीकरण पूरा। जानिए किस जिले की रफ्तार सबसे तेज।
Delhi SIR: मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO), दिल्ली कार्यालय द्वारा मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक, पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (SIR) चरण-III की गणना प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। 17 अगस्त की शाम 8 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, राजधानी के सभी 13 जिलों में 100% मतदाताओं तक फॉर्म बांटे जा चुके हैं।
दिल्ली के कुल 1,45,10,299 पंजीकृत मतदाताओं में से 97,47,879 (67.18%) फॉर्मों का डिजिटल सिस्टम पर ऑनलाइन पंजीकरण व डिजिटलीकरण पूरा किया जा चुका है। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह आंकड़ा मतदाता सूची से नाम काटे जाने का नहीं, बल्कि बांटे गए फॉर्मों में से डिजिटल रूप से दर्ज किए गए डेटा का है।
जिलावार स्थिति: आउटर नॉर्थ सबसे आगे, साउथ ईस्ट पिछड़ा
विभिन्न जिलों में फॉर्म डिजिटलीकरण की रफ्तार में काफी अंतर दर्ज किया गया है। बाहरी और पश्चिमी दिल्ली के इलाकों में डेटा एंट्री का काम तेजी से हुआ है, जबकि लुटियंस और दक्षिणी दिल्ली में यह प्रक्रिया अपेक्षाकृत धीमी रही है।
आउटर नॉर्थ : कुल 8,32,510 मतदाताओं में से 6,30,030 फॉर्मों का डिजिटलीकरण पूरा हुआ है, जो 75.68% के साथ सबसे आगे है।
वेस्ट : कुल 14,56,008 मतदाताओं में से 10,67,092 फॉर्म ऑनलाइन दर्ज हो चुके हैं (73.29%)।
साउथ वेस्ट: कुल 13,29,749 मतदाताओं में से 9,72,870 फॉर्मों का डिजिटलीकरण हुआ है (73.16%)।
नॉर्थ ईस्ट: कुल 18,70,748 मतदाताओं में से 13,27,118 फॉर्म डिजिटल सिस्टम पर आ चुके हैं (70.94%)।
नॉर्थ वेस्ट: कुल 12,77,126 मतदाताओं में से 9,05,375 फॉर्मों की एंट्री पूरी हुई है (70.89%)।
सेंट्रल नॉर्थ: कुल 8,15,928 मतदाताओं में से 5,61,669 फॉर्म डिजिटाइज़्ड हुए हैं (68.84%)।
ओल्ड दिल्ली: कुल 5,96,699 मतदाताओं में से 3,99,039 फॉर्म ऑनलाइन दर्ज किए गए हैं (66.87%)।
ईस्ट: कुल 16,03,359 मतदाताओं में से 10,32,029 फॉर्मों का डिजिटलीकरण पूरा हुआ है (64.37%)।
नॉर्थ : कुल 9,73,957 मतदाताओं में से 6,24,834 फॉर्म डिजिटाइज़्ड हो चुके हैं (64.15%)।
सेंट्रल: कुल 6,97,733 मतदाताओं में से 4,32,346 फॉर्म ऑनलाइन दर्ज किए गए हैं (61.96%)।
साउथ: कुल 13,45,001 मतदाताओं में से 8,24,720 फॉर्मों का डिजिटलीकरण हुआ है (61.32%)।
नई दिल्ली : कुल 1,54,192 मतदाताओं में से 93,693 फॉर्म ऑनलाइन दर्ज हुए हैं (60.76%)।
साउथ ईस्ट: कुल 15,57,289 मतदाताओं में से 8,77,064 फॉर्मों का डिजिटलीकरण हुआ है, जो 56.32% के साथ सबसे पीछे है।
32.82% फॉर्मों की एंट्री अभी बाकी
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, कुल बांटे गए फॉर्मों में से 32.82% (लगभग 47,62,420) फॉर्मों का ऑनलाइन डिजिटलीकरण होना अभी शेष है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। चुनाव आयोग का स्पष्ट लक्ष्य है कि इस गहन समीक्षा के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाए कि दिल्ली का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से न चूके और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम फर्जी तरीके से सूची में शामिल न रहे।

