दिवाली के बाद जहरीली हुई हवा, 6 शहरों का AQI 1000 पार;  जानें दिल्ली से चेन्नई तक का हाल
x

दिवाली के बाद जहरीली हुई हवा, 6 शहरों का AQI 1000 पार; जानें दिल्ली से चेन्नई तक का हाल

दिवाली के बाद पटाखों और मौसमी परिस्थितियों के चलते देश के कई शहरों में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया, छह शहरों का AQI 1000 के पार दर्ज किया गया।


दिवाली का त्योहार देशभर में रोशनी और आतिशबाजी के साथ मनाया गया, लेकिन इसके बाद हवा की गुणवत्ता ने डराने वाली तस्वीर पेश की है। देश के कई शहरों में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। हालात ऐसे रहे कि रियल टाइम एयर क्वालिटी रैंकिंग में दुनिया के 150 सबसे प्रदूषित शहरों में लगभग सभी भारतीय शहर शामिल रहे। छह शहरों का एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI 1000 के पार पहुंच गया।

छह शहरों का AQI 1000 के पार
AQI.in के लाइव आंकड़ों के मुताबिक, 8 नवंबर की रात 9 बजे राजस्थान के श्रीगंगानगर में AQI 1131 दर्ज किया गया। तमिलनाडु के चेंगलपट्टू में यह 1122 और चेन्नई में 1119 रहा। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर का AQI 1091, पंजाब के फरीदकोट का 1058 और पुडुचेरी का 1057 दर्ज किया गया।

दिवाली की रात चेन्नई कई घंटों तक दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में पहले स्थान पर रहा। इस दौरान प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर सिर्फ दिल्ली-NCR तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दक्षिण और पूर्वी भारत के शहरों में भी हवा बेहद जहरीली हो गई।

दिल्ली-NCR भी प्रदूषण की चपेट में
दिल्ली भले ही दुनिया के 25 सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल नहीं थी, लेकिन यहां भी हालात चिंताजनक रहे। 8 नवंबर की रात 9 बजकर 13 मिनट पर नई दिल्ली का AQI 721 दर्ज किया गया। वहीं गाजियाबाद में 649, नोएडा में 508 और गुरुग्राम में 462 का स्तर दर्ज हुआ। इससे साफ है कि दिवाली के दौरान प्रदूषण का संकट देश के अलग-अलग हिस्सों में फैल गया। आतिशबाजी से निकलने वाले धुएं ने पहले से मौजूद प्रदूषण को और बढ़ा दिया।

GRAP-3 लागू, फिर भी नहीं थमा प्रदूषण
दिल्ली-NCR में बिगड़ती हवा को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग यानी CAQM ने शुक्रवार, 6 नवंबर को ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण लागू कर दिया था।

GRAP प्रदूषण से निपटने के लिए चार चरणों वाली व्यवस्था है। इसके तहत हवा की गुणवत्ता और मौसम के पूर्वानुमान के आधार पर पाबंदियां लागू की जाती हैं।

दरअसल, उत्तर भारत में सर्दियों की शुरुआत के साथ तापमान में गिरावट, हवा की धीमी रफ्तार और प्रदूषकों के जमीन के करीब जमा होने से प्रदूषण बढ़ता है। वाहनों का धुआं, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल, औद्योगिक उत्सर्जन और पराली जलाने से निकलने वाला धुआं भी इसमें योगदान देते हैं।

दिवाली के पटाखों ने इस समस्या को और गंभीर बना दिया। ऐसे में सवाल सिर्फ त्योहार के दौरान पटाखों पर पाबंदी का नहीं, बल्कि सालभर प्रदूषण के स्थायी समाधान का भी है।

Read More
Next Story