डॉक्टर की लाश, घायल बेटा और मोबाइल पर पत्नी, धारवाड़ की वारदात ने चौंकाया
x

डॉक्टर की लाश, घायल बेटा और मोबाइल पर पत्नी, धारवाड़ की वारदात ने चौंकाया

कर्नाटक के धारवाड़ में डॉक्टर की फ्लैट में हत्या कर दी गई। आठ साल का बेटा गंभीर घायल मिला, जबकि पत्नी मौके पर मौजूद थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


कर्नाटक के धारवाड़ जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक डॉक्टर अपने फ्लैट में मृत पाए गए, जबकि उनका आठ वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हालत में खून से लथपथ पड़ा मिला। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि मौके पर मौजूद डॉक्टर की पत्नी कथित तौर पर बिस्तर पर लेटी हुई मोबाइल फोन चला रही थी। घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस

यह घटना बुधवार (17 जुलाई) को सामने आई, जब परिवार के पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो फ्लैट के अंदर का दृश्य देखकर अधिकारी भी सन्न रह गए। कमरे के फर्श पर चारों ओर खून फैला हुआ था।

डॉक्टर की मौके पर मौत

मृतक की पहचान डॉ. किरण होनन्नावर के रूप में हुई है, जो चिरायु अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ (एनेस्थेटिस्ट) के तौर पर कार्यरत थे। पुलिस के अनुसार, उनका शव फ्लैट के एक कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला।वहीं, उनका आठ वर्षीय बेटा भी चाकू के हमले में गंभीर रूप से घायल मिला। पुलिस ने बच्चे की सांसें चलती देख उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

पत्नी पर संदेह, मोबाइल चलाती मिली

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जब पुलिस फ्लैट के अंदर पहुंची तो डॉक्टर की पत्नी प्रियंका कट्टनहल्ली कथित तौर पर बिस्तर पर लेटी हुई मोबाइल फोन चला रही थी। फ्लैट के भीतर पति और बेटा अलग-अलग जगहों पर खून से लथपथ पड़े थे।घटना का एक कथित वीडियो भी सामने आया है, जिसमें यह भयावह दृश्य दिखाई देने का दावा किया गया है।

रिश्तेदारों को फोन पर देती रही अलग-अलग जवाब

रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार रात और बुधवार सुबह डॉक्टर किरण के रिश्तेदारों और दोस्तों ने कई बार उन्हें फोन करने की कोशिश की। हर बार फोन उनकी पत्नी प्रियंका ने उठाया।पहले उन्होंने बताया कि किरण आराम कर रहे हैं, जबकि बाद में कहा कि वह काम पर बाहर गए हैं। लगातार संपर्क नहीं होने पर परिजन बुधवार शाम दंपति के छठी मंजिल स्थित फ्लैट पर पहुंचे, जहां पूरी घटना का खुलासा हुआ।

परिवार में तीन ही लोग थे मौजूद

हुबली-धारवाड़ पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार ने बताया कि डॉ. किरण अपनी पत्नी प्रियंका और आठ वर्षीय बेटे के साथ पवन हाई स्कूल के सामने स्थित अपार्टमेंट में रहते थे। प्रियंका एमबीबीएस डॉक्टर हैं और नेत्र रोग (एमएस ऑप्थैल्मोलॉजी) की पढ़ाई कर चुकी हैं।पुलिस के शुरुआती जांच के अनुसार, घटना के समय फ्लैट में केवल पति, पत्नी और बेटा ही मौजूद थे। फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि बाहर का कोई व्यक्ति फ्लैट में घुसा हो।

पुलिस तैयार कर रही है घटनाक्रम की टाइमलाइन

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना आखिर कब हुई और इसके पीछे क्या वजह थी। जांच अधिकारी यह भी जानने की कोशिश कर रहे हैं कि बच्चे पर हमला कब किया गया।पुलिस आयुक्त ने कहा कि जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि प्रियंका ने किन-किन लोगों से बात की, उन्हें क्या जानकारी दी और फ्लैट के अंदर घटनाक्रम किस क्रम में हुआ।

हत्या का मामला दर्ज

पुलिस ने इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। साथ ही घायल बच्चे की हालत पर भी नजर रखी जा रही है, क्योंकि उसके बयान से मामले की सच्चाई सामने आने में अहम मदद मिल सकती है।

Read More
Next Story