
होर्मुज पर 20% शुल्क नहीं लगेगा, ट्रंप ने निवेश समझौतों का किया ऐलान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर 20% शुल्क लगाने का प्रस्ताव वापस लेते हुए खाड़ी देशों के साथ बड़े व्यापार और निवेश समझौतों का ऐलान किया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार (14 जुलाई) को होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से गुजरने वाले मालवाहक जहाजों पर 20 प्रतिशत शुल्क लगाने के अपने प्रस्ताव को वापस लेने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इसके बजाय खाड़ी देशों की ओर से अमेरिका में बड़े पैमाने पर व्यापार और निवेश किए जाएंगे।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल (Truth Social) पर किए गए एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य अब वैश्विक समुद्री व्यापार के लिए खुला है, हालांकि ईरान से जुड़े जहाजों को इससे बाहर रखा गया है। उन्होंने दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक की सुरक्षा सुनिश्चित करने का श्रेय अमेरिकी सेना को दिया।
यह घोषणा उस बयान के एक दिन बाद आई है, जिसमें ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य का "गार्जियन" (संरक्षक) बनेगा और इस रणनीतिक समुद्री मार्ग से गुजरने वाले सभी माल पर 20 प्रतिशत "रीइम्बर्समेंट शुल्क" (प्रतिपूर्ति शुल्क) लगाएगा।ट्रंप के इस प्रस्ताव का ईरान ने मजाक उड़ाया था। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, "20 प्रतिशत तो निश्चित रूप से बहुत ज्यादा है। हम निष्पक्ष रहेंगे।"
अपने फैसले में बदलाव की वजह बताते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्होंने खाड़ी देशों के नेताओं के साथ हुई सकारात्मक बातचीत के बाद यह निर्णय लिया। उन्होंने लिखा, "मध्य पूर्व के नेताओं के साथ बेहद सफल और सकारात्मक बातचीत के आधार पर मैंने 20 प्रतिशत अमेरिकी रीइम्बर्समेंट शुल्क को हटाकर उसकी जगह व्यापार और निवेश समझौतों को लागू करने का फैसला किया है, जिन्हें विभिन्न खाड़ी देश अमेरिका में करेंगे।"
ट्रंप के अनुसार, ये निवेश "बहुत बड़े" होंगे और इनसे अमेरिका के साथ-साथ खाड़ी देशों को भी दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा, "ये निवेश विशाल होंगे और साथ ही खाड़ी देशों तथा उनके भविष्य के लिए भी बेहद लाभकारी साबित होंगे।"उन्होंने यह भी दावा किया कि इन नए समझौतों के चलते अमेरिका में बड़ी संख्या में नए कारखाने, विनिर्माण संयंत्र (मैन्युफैक्चरिंग प्लांट) और औद्योगिक उपकरण स्थापित किए जाएंगे। ट्रंप ने कहा, "हम अमेरिका में ऐतिहासिक स्तर पर नए कारखाने, प्लांट और उपकरण आते देखेंगे, जिससे लाखों नए और उच्च वेतन वाले अमेरिकी रोजगार सृजित होंगे।"
अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक बार फिर होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने का श्रेय अमेरिकी सेना को देते हुए कहा कि ईरान के साथ जारी तनाव के बावजूद समुद्री मार्ग सुरक्षित बना हुआ है। उन्होंने लिखा, "अमेरिकी सेना की शानदार ताकत की बदौलत पहले से कहीं अधिक मात्रा में तेल की आपूर्ति जारी है।"

