ईरान पर अमेरिका के नए हमले, होर्मुज में नौसैनिक घेराबंदी भी शुरू
x

ईरान पर अमेरिका के नए हमले, होर्मुज में नौसैनिक घेराबंदी भी शुरू

ईरान के खिलाफ अमेरिका ताबड़तोड़ हमले कर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि इस कार्रवाई का मतलब ईरान की सैन्य क्षमता को सीमित करना है।


अमेरिका ने ईरान के खिलाफ अपना सैन्य अभियान फिर से शुरू कर दिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कांग्रेस को सूचित किया है कि 7 जुलाई से ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई दोबारा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि यह अभियान सीमित, योजनाबद्ध और केवल ईरान की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि इस अभियान में अमेरिकी जमीनी सेना शामिल नहीं है।

10 जुलाई को सीनेट के प्रेसिडेंट प्रो टेम्पोर चक ग्रासली को भेजे गए पत्र में ट्रंप ने कहा कि उन्होंने यह सैन्य कार्रवाई अमेरिकियों की सुरक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा और अमेरिकी विदेश नीति के हितों की रक्षा के लिए अपने संवैधानिक अधिकारों के तहत शुरू की है। उन्होंने बताया कि युद्ध शक्तियों से जुड़े कानून के तहत कांग्रेस को इस कार्रवाई की जानकारी देना आवश्यक था।राष्ट्रपति ने अपने पत्र में कहा कि अमेरिकी हमले सीमित, नपे-तुले और सावधानीपूर्वक योजनाबद्ध हैं, ताकि नागरिकों को कम से कम नुकसान पहुंचे।

लगातार तीसरी रात अमेरिकी हमले

इस बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि राष्ट्रपति ट्रंप के आदेश पर ईरान के खिलाफ लगातार तीसरी रात सैन्य हमले किए जा रहे हैं। कमांड ने कहा कि इन हमलों का उद्देश्य ईरानी सेना की क्षमताओं को गंभीर नुकसान पहुंचाना और होर्मुज जलडमरूमध्य में निर्दोष नागरिकों तथा व्यावसायिक जहाजों पर हमले करने की उसकी क्षमता को कमजोर करना है।CENTCOM के अनुसार, अमेरिकी समयानुसार शाम 4:45 बजे (भारतीय समयानुसार मंगलवार सुबह 3:15 बजे) अभियान का नया चरण शुरू किया गया।

किन ठिकानों को बनाया जा रहा है निशाना

CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि हमलों में ईरान की सैन्य संपत्तियों को निशाना बनाया जा रहा है। इनमें तटीय निगरानी प्रणाली, ड्रोन नेटवर्क और मिसाइल क्षमताएं प्रमुख हैं।

ट्रंप बोले- हमने ईरानी सेना को भारी नुकसान पहुंचाया

ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ संघर्ष तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने ईरान की सैन्य क्षमता को काफी हद तक तबाह कर दिया है।उन्होंने कहा, "यह संघर्ष बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमने उनकी सेना को भारी नुकसान पहुंचाया है। हमने उनकी क्षमता को काफी हद तक कम कर दिया है, हालांकि वे कुछ समय तक लड़ाई जारी रख सकते हैं।"हालांकि ट्रंप ने यह बताने से इनकार किया कि सैन्य अभियान कब तक जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह किसी लंबे या नए युद्ध चरण की शुरुआत नहीं है।

होर्मुज जलडमरूमध्य में फिर शुरू होगी नौसैनिक घेराबंदी

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने यह भी घोषणा की कि अमेरिकी समयानुसार मंगलवार शाम 4 बजे (भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 2:30 बजे) ईरान के खिलाफ नौसैनिक घेराबंदी फिर से शुरू की जाएगी।CENTCOM ने समुद्री जहाजों को जारी सलाह में कहा कि ओमान की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास परिचालन करने वाले सभी जहाज 'नोटिस टू मैरिनर्स' पर नजर रखें और आवश्यकता पड़ने पर ब्रिज-टू-ब्रिज चैनल 16 के माध्यम से अमेरिकी नौसैनिक बलों से संपर्क करें।

ट्रंप ने पहले ही दी थी नाकेबंदी की चेतावनी

इससे पहले सोमवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने घोषणा की थी कि ईरान के खिलाफ नौसैनिक नाकेबंदी दोबारा लागू की जाएगी और अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेगा।उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने के बदले व्यावसायिक शिपिंग कंपनियों से उनके कार्गो के मूल्य का 20 प्रतिशत शुल्क लिया जाएगा

Read More
Next Story