‘मुश्किल में पढ़ता हूं हनुमान चालीसा’: PM मोदी से कैप्टन स्मित मच्छर ने क्या कहा?
x

‘मुश्किल में पढ़ता हूं हनुमान चालीसा’: PM मोदी से कैप्टन स्मित मच्छर ने क्या कहा?

Flydubai फ्लाइट में संकट के दौरान साहस दिखाने वाले भारतीय पायलट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉल पर बातचीत की। घायल कैप्टन ने उस दिन के घटनाक्रम और मुश्किल हालात में लिए गए फैसलों के बारे में बताया।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने Flydubai की फ्लाइट FZ1073 में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर से बातचीत की। अस्पताल में इलाज करा रहे मच्छर से वीडियो कॉल पर बात करते हुए मोदी ने उनके साहस और सूझबूझ की तारीफ की। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी और देश का मान बढ़ाया।

'कई लोगों की जान बचाई'
प्रधानमंत्री ने कहा कि घटना के दौरान मच्छर गंभीर रूप से घायल थे और जिंदगी-मौत से जूझ रहे थे, लेकिन इसके बावजूद उनका ध्यान विमान में सवार लोगों को बचाने पर था। मोदी ने कहा कि कुछ ही सेकंड में लिए गए उनके फैसले ने कई लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने मच्छर के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि पूरा देश उनका स्वागत करने का इंतजार कर रहा है।

'मुश्किल में हनुमान चालीसा पढ़ता हूं'
बातचीत के दौरान मच्छर ने बताया कि उन्हें विमान उड़ाते हुए 17 साल हो चुके हैं और वह 11 साल से कैप्टन हैं। उन्होंने कहा कि कॉकपिट में संघर्ष के दौरान वह घायल होकर फर्श पर पड़े थे, लेकिन बचे हुए हौसले और अनुभव के सहारे उन्होंने जरूरी कदम उठाए।

मच्छर ने प्रधानमंत्री को बताया कि मुश्किल परिस्थितियों में वह हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। इस पर मोदी ने उनकी सराहना की तो मच्छार ने कहा, **“मैं देश से दूर हूं, अपनी संस्कृति से नहीं।”

फ्लाइट में क्या हुआ था?
30 सितंबर को Flydubai की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। विमान में 174 यात्री सवार थे, जिनमें 27 बच्चे भी शामिल थे। उड़ान के दौरान कॉकपिट में कैप्टन मच्छर और को-पायलट के बीच हिंसक संघर्ष हुआ। आरोप है कि को-पायलट ने मच्छर पर चाकू से हमला किया और विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि घटना के वास्तविक मकसद की आधिकारिक जांच अभी जारी है।

संकट के दौरान विमान ने 34,000 फीट की ऊंचाई से 17,000 फीट से ज्यादा की तेज गिरावट दर्ज की और बाद में इसे सऊदी अरब के तबूक की ओर डायवर्ट किया गया, जहां सुरक्षित लैंडिंग हुई।

UAE में इलाज, घटना की जांच जारी
कैप्टन मच्छर का शुरुआती इलाज सऊदी अरब के तबूक में होने के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए अबू धाबी शिफ्ट किया गया। उनकी हालत स्थिर बताई गई है। UAE ने घटना की जांच के लिए विशेष टीम बनाई है, जो हमले के कारण, संभावित योजना और किसी आतंकी मकसद की संभावना समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Read More
Next Story