बंगाल के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशिष बनर्जी की रहस्यमयी मौत, सुसाइड नोट मिला
x

बंगाल के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशिष बनर्जी की रहस्यमयी मौत, सुसाइड नोट मिला

पूर्व डिप्टी स्पीकर आशिष बनर्जी रामपुरहाट में TMC दफ्तर में मृत मिले। पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानिए पूरा राजनीतिक घटनाक्रम।


West Bengal Ashish Banerjee's Death: पश्चिम बंगाल की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आई है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशिष बनर्जी रविवार सुबह बीरभूम जिले के रामपुरहाट स्थित टीएमसी पार्टी कार्यालय में मृत पाए गए। उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला।

घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जाँच में पुलिस फिलहाल इसे सुसाइड ही मान कर चल रही है

हट्टालापारा पार्टी कार्यालय में मिला शव
आशिष बनर्जी बीरभूम जिले के रामपुरहाट शहर के हट्टालापारा इलाके में रहते थे। उनका शव उनके घर के ठीक बगल में स्थित टीएमसी के वार्ड कार्यालय में मिला।

सुसाइड नोट बरामद: पार्टी दफ़्तर से बरामद कथित सुसाइड नोट में आशिष बनर्जी ने लिखा है कि उनकी मौत के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है। अपने अंतिम संदेश में पूर्व डिप्टी स्पीकर ने लिखा है कि मेरी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। लेकिन आज मुझे अहसास हो रहा है कि राजनीति में आना ही मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी भूल थी।

इलाके में भारी भीड़: घटना की जानकारी मिलते ही उनके आवास और टीएमसी कार्यालय के बाहर स्थानीय निवासियों और समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई। रामपुरहाट थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

रामपुरहाट से 5 बार के विधायक और पूर्व मंत्री
आशिष बनर्जी तृणमूल कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक थे।

राजनीतिक सफर: उन्होंने वर्ष 2001 से 2026 तक लगातार 25 सालों तक रामपुरहाट विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया और 5 बार विधायक चुने गए।

कैबिनेट में भूमिका: ममता बनर्जी सरकार के शुरुआती कार्यकालों के दौरान उन्होंने राज्य के कृषि मंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाई थी।

डिप्टी स्पीकर: ममता बनर्जी के पिछले मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा के 13वें डिप्टी स्पीकर के रूप में भी सेवा दी थी।

चुनाव हारने के बाद जून में दिया था इस्तीफा
इस वर्ष आयोजित पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में आशिष बनर्जी को रामपुरहाट सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार ध्रुव साहा के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा था।

विधानसभा चुनाव में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद, उन्होंने जून के महीने में टीएमसी की बीरभूम जिला कोर कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। पुलिस का कहना है कि उनकी मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, इसका सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।


Read More
Next Story