खुले गड्ढे पर नहीं थी बैरिकेडिंग, ग्रेटर नोएडा में मासूम की गई जान
x

खुले गड्ढे पर नहीं थी बैरिकेडिंग, ग्रेटर नोएडा में मासूम की गई जान

ग्रेटर नोएडा के कलाधाम सोसायटी के पास खुले 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरकर 6 वर्षीय अव्यान की मौत हो गई। प्रशासन ने ठेकेदार पर कार्रवाई का भरोसा दिया।


ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित कलाधाम सोसायटी के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय मासूम अव्यान सूर्या की मौत हो गई। प्राधिकरण द्वारा बोरिंग के लिए खोदे गए करीब 15 फीट गहरे पानी से भरे खुले गड्ढे में गिरने से उसकी जान चली गई। अव्यान केंद्रीय विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य सीवान यादव का बेटा था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल उठ रहे हैं।

खेलते-खेलते गड्ढे में गिरा मासूम

स्थानीय लोगों के अनुसार, अव्यान शनिवार को अपने दोस्तों के साथ कलाधाम सोसायटी के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह पानी से भरे खुले गड्ढे के करीब पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। अन्य बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला।इसके बाद मासूम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

न बैरिकेडिंग, न चेतावनी बोर्ड

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह गड्ढा कई दिन पहले बोरिंग के काम के लिए खोदा गया था। बारिश के कारण उसमें पानी भर गया था, लेकिन मौके पर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। लोगों का आरोप है कि यह हादसा पूरी तरह प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है।

युवराज मेहता हादसे के बाद भी नहीं बदले हालात

स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले युवराज मेहता की भी खुले गड्ढे में गिरने से मौत हो चुकी है। उस हादसे के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहरभर में खुले गड्ढों की बैरिकेडिंग और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने का दावा किया था।हालांकि, कलाधाम सोसायटी के पास हुई यह घटना उन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। हादसे के बाद लोगों ने निर्माण कार्यों के दौरान खोदे गए सभी खुले गड्ढों की तत्काल बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

एसडीएम ने ठेकेदार पर कार्रवाई का दिया आश्वासन

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गड्ढे के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। एसडीएम ने कहा कि हादसे के लिए संबंधित ठेकेदार जिम्मेदार है और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना फिर ना हो।

Read More
Next Story