x

गुरुग्राम हिट एंड रन केस में आरोपी गिरफ्तार, अब तक क्या-क्या हुआ?

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर शिवानी चौहान को कार से टक्कर मारने के मामले में आरोपी कल्याण बैंसला को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है।


गुरुग्राम में महिला बाइकर को कार से टक्कर मारने के आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने केस में हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ी है।

पीड़िता शिवानी चौहान जिसे सोशल मीडिया का आरोप है कि सड़क पर पहले उनका पीछा किया गया और फिर कार से जानबूझकर उनकी बाइक को टक्कर मारी गई। आरोपी कल्याण बैंसला ने इससे इनकार किया है और उसका कहना है कि यह टक्कर जानबूझकर नहीं की गई बल्कि एक हादसा थी।

कौन हैं पीड़िता शिवानी चौहान?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शिवानी चौहान उर्फ सिया दिल्ली की रहने वाली हैं। उन्होंने फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई की है और ग्रेजुएट हैं। बाइकिंग में उनकी खास दिलचस्पी है और सोशल मीडिया पर वह 'RebelWheels Sia' नाम से बाइकिंग से जुड़ा कंटेंट शेयर करती हैं।

शिवानी राजनीति में भी सक्रिय रह चुकी हैं। उनके पिता रोशन चौहान के मुताबिक, उन्होंने 2022 में दिल्ली के कालकाजी इलाके से आम आदमी पार्टी के टिकट पर नगर निगम का चुनाव लड़ा था।

रविवार सुबह गोल्फ कोर्स रोड पर क्या हुआ?
घटना रविवार सुबह गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर हुई। शिवानी अपनी Aprilia RS 457 स्पोर्ट्स बाइक से दूसरे बाइकर्स के साथ राइड पर निकली थीं।

इसी दौरान एक कार उनके करीब आई। शिवानी का आरोप है कि कार में सवार लोगों ने पहले उनका पीछा किया और उन्हें रोकने की कोशिश की। इसके बाद कार ने लेन बदलकर उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही शिवानी सड़क पर गिर गईं और कुछ दूर तक घिसटती चली गईं। उन्होंने बाद में कहा कि घटना इतनी गंभीर थी कि उनकी मौके पर ही जान जा सकती थी।

कैमरे में रिकॉर्ड हुई पूरी घटना
इस मामले में वीडियो फुटेज पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गई है। घटना के अलग-अलग हिस्से बाइकर्स के कैमरों में रिकॉर्ड हुए और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।

कौन है आरोपी कल्याण बैंसला?
मामले का मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला हरियाणा के पलवल का रहने वाला है और जिम संचालक बताया गया है। उसका नाम KBT जिम से जुड़ा है। रिपोर्ट्स में उसके कबड्डी से जुड़े होने की बात भी सामने आई है।

घटना के समय वह मारुति सियाज कार चला रहा था। पुलिस के मुताबिक कार किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है।

वारदात के बाद पुलिस ने कल्याण की तलाश शुरू की और कई टीमों को लगाया गया। आखिरकार उसे राजस्थान से पकड़ लिया गया।

आरोपी ने क्या सफाई दी?
गिरफ्तारी से पहले कल्याण बैंसला ने जानबूझकर टक्कर मारने के आरोपों से इनकार किया था।

उसका दावा था कि सड़क पर बड़ी संख्या में बाइकर्स मौजूद थे। उसने कहा कि U-टर्न के पास कार पर नियंत्रण बिगड़ने की वजह से टक्कर हुई।

कल्याण ने यह भी दावा किया कि घटना के समय उसकी बहन और रिश्तेदार कार में मौजूद थे। उसका कहना था कि टक्कर के बाद बाइकर्स के समूह से विवाद बढ़ने और मारपीट की आशंका के कारण वह वहां नहीं रुका।

शिवानी का सवाल- अगर हादसा था तो रुके क्यों नहीं?
घटना के बाद शिवानी ने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखते हुए आरोपी से सवाल किया कि अगर टक्कर अनजाने में लगी थी तो वह मौके पर रुका क्यों नहीं?

शिवानी के मुताबिक, टक्कर के बाद कार चालक ने यह देखने तक की कोशिश नहीं की कि वह सुरक्षित हैं या नहीं। उनका कहना है कि राइडिंग के दौरान पहने गए सुरक्षा उपकरणों की वजह से वह गंभीर चोट से बच गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला बाइक राइडर होने की वजह से उन्हें निशाना बनाया गया। शिवानी ने इस घटना को दिल्ली-NCR की सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा से भी जोड़ा।

पुलिस ने क्यों बढ़ाईं गंभीर धाराएं?
शुरुआत में गुरुग्राम पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेकर सेक्टर-56 थाने में केस दर्ज किया था। शुरुआती FIR में लापरवाही से वाहन चलाने और चोट पहुंचाने से संबंधित धाराएं लगाई गई थीं। लेकिन घटना के वीडियो, पीड़िता के आरोप और जांच में सामने आए तथ्यों के बाद पुलिस ने केस में हत्या के प्रयास से संबंधित BNS की धारा 109 भी जोड़ दी।

पुलिस का कहना है कि उपलब्ध वीडियो फुटेज और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। आरोपी के साथ मौजूद लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

Read More
Next Story