
ग्वालियर में भीषण सड़क हादसा: मजदूरों से भरा वाहन ट्रक से टकराया, 8 की मौत, 25 से ज्यादा घायल
उत्तर प्रदेश के रहने वाले मजदूर धान की रोपाई के लिए ग्वालियर के डबरा क्षेत्र के चनोर इलाके में आए थे। काम खत्म होने के बाद वे लोडिंग वाहन से अपने घर लौट रहे थे तभी यह हादसा हुआ।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 मजदूर घायल हुए हैं। हादसा रात करीब 12 बजे नेशनल हाईवे-79 पर चिन्का के पास हुआ। मजदूरों से भरा लोडिंग वाहन सामने से आ रहे ट्रक से टकराने के बाद पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और राहगीरों ने मिलकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों को तुरंत गोहद अस्पताल भेजा गया, जहां से हालत गंभीर होने पर कई घायलों को ग्वालियर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत गंभीर है, जबकि कुछ की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हादसा भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे पर छीमका गांव के पास बीती रात करीब एक बजे हुआ।
पुलिस के मुताबिक ये मजदूर उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और धान की रोपाई के लिए ग्वालियर के डबरा क्षेत्र के चनोर इलाके में आए थे। काम खत्म होने के बाद वे लोडिंग वाहन से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने उनके वाहन को टक्कर मार दी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस अधिकारी राम महेश यादव ने बताया कि शुरुआती जानकारी में करीब 25 से 26 लोगों के घायल होने की बात सामने आई थी। इनमें से कुछ की हालत गंभीर थी।
पांच लोगों की मौत गोहद अस्पताल पहुंचने से पहले होने की जानकारी मिली, जबकि बाद में करीब तीन और मौतों की सूचना सामने आई। पुलिस मृतकों की पहचान और आंकड़े की पुष्टि में जुटी है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है और घायलों के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।

