
संसद मार्च और नड्डा से मुलाकात के बाद CJP का तीखा हमला: 'मोदी हटाओ, देश बचाओ'
NEET पेपर लीक और बेरोजगारी के विरोध में CJP ने संसद के मानसून सत्र के पहले दिन 20 जुलाई को 'चलो संसद' मार्च का आह्वान किया है। देशभर से पहुंचे हजारों छात्रों और अभिभावकों के जंतर-मंतर पर जुटने के बाद दिल्ली पुलिस ने इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है और सुरक्षा के कड़े थ्री-टियर इंतजाम किए हैं।
NEET परीक्षा धांधली और भयंकर बेरोजगारी के मुद्दे पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। आज से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र के पहले ही दिन CJP ने 'चलो संसद' मार्च की हुंकार भरी है। इस आंदोलन में हिस्सा लेने के लिए देश के कोने-कोने से छात्र, युवा जंतर-मंतर पर एकत्र होने लगे हैं। संसद घेराव की इस चेतावनी से प्रशासन में हड़कंप मचा है। दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क हैं और जंतर-मंतर पर त्रिस्तरीय (Three-tier) सुरक्षा का सख्त पहरा लगा दिया गया है। इस आंदोलन की पल-पल की अपडेट के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ
Live Updates
- 20 July 2026 12:29 PM IST
बढ़ते दबाव को देखते हुए सरकार ने की बातचीत की पहल- सौरव दास
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन अब रंग लाता दिख रहा है। CJP का एक प्रतिनिधिमंडल बहुत जल्द केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात करने जा रहा है। पार्टी प्रवक्ता सौरव दास के अनुसार, प्रदर्शनकारियों के बढ़ते दबाव को देखते हुए खुद सरकार की तरफ से ही बातचीत की पहल की गई है।
संसद मार्च और जंतर-मंतर पर हुए हंगामे के बाद सरकार का यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस बैठक में NEET परीक्षा धांधली और युवाओं के रोजगार जैसे मुख्य मुद्दों पर समाधान तलाशने की कोशिश की जाएगी।
- 20 July 2026 12:08 PM IST
राजीव चौक मेट्रो स्टेशन में घुस गए सैकड़ों CJP प्रदर्शनकारी
सीजेपी प्रदर्शनकारी बड़ी संख्या में संसद कूच के बीच दिल्ली के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पहुंच गए हैं। इससे मेट्रो स्टेशन पर काफी भीड़ जमा हो गई है और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
- 20 July 2026 11:06 AM IST
राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के गेट खुले
कॉकक्रोच जनता पार्टी (CJP) के 'संसद मार्च' के चलते जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। इसी के मद्देनजर एहतियात के तौर पर राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट समेत 5 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार अस्थाई रूप से बंद किए गए थे।
हालाँकि, अब स्थिति सामान्य होने पर यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के सभी एंट्री और एग्जिट गेट पूरी तरह से खोल दिए गए हैं। इसके साथ ही दोनों स्टेशनों पर मेट्रो बदलने (इंटरचेंज) की सुविधा भी फिर से शुरू कर दी गई है।
- 20 July 2026 10:41 AM IST
संसद जाने से हमें कोई नहीं रोक सकता- दिपके
मार्च की शुरुआत से पहले कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने जंतर-मंतर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने इसे भारत के इतिहास का सबसे बड़ा प्रदर्शन करार देते हुए कहा कि पिछले एक दशक में देश में लोकतंत्र को दबाने का प्रयास हुआ है, लेकिन जंतर-मंतर पर पिछले एक महीने से डटे लोगों ने इसे पुनः जीवित कर दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि जब वे अमेरिका में थे, तो लोग इसे केवल सोशल मीडिया तक सीमित मान रहे थे। हालांकि, आज चारों दिशाओं से सड़कें युवाओं और आम लोगों से पट चुकी हैं। दिपके ने हुंकार भरते हुए कहा कि अब उन्हें संसद की ओर बढ़ने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।
- 20 July 2026 10:37 AM IST
AISA के 3 छात्रों ने तोड़ा अनशन
जंतर-मंतर पर पिछले 23 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे AISA के तीन युवा नेताओं ने आखिरकार अपना अनशन समाप्त कर दिया है। नेहा, मनीष और आमीन नाम के इन प्रदर्शनकारियों को अनशन तोड़ने के लिए एक नागरिक प्रतिनिधिमंडल ने राजी किया।
इस प्रतिनिधिमंडल में अभिनेत्री शबाना आजमी, अभिनेता प्रकाश राज, सांसद मनोज झा, राजाराम सिंह, अमरा राम, योगेंद्र यादव, वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण और प्रोफेसर अतुल सूद शामिल थे। दिग्गज हस्तियों और नेताओं की भावुक अपील व आश्वासन के बाद तीनों छात्रों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया।
- 20 July 2026 10:30 AM IST
CJP के प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज
संसद भवन का घेराव करने जा रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। NEET धांधली और बेरोजगारी के मुद्दे पर जब प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़ने लगे, तो पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।
प्रदर्शनकारियों द्वारा बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश करने पर पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। इस कार्रवाई में कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की खबर है। जंतर-मंतर पर तनाव के माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।

