
SIR पर INDIA ब्लॉक की बड़ी बैठक आज, चुनाव आयोग पर आर-पार की तैयारी, अखिलेश क्यों रहेंगे गायब?
दिल्ली में विपक्षी दल SIR, मतदाता सूची और चुनाव आयोग के कामकाज से जुड़े मुद्दों पर साझा रणनीति को लेकर मंथन करेंगे। बैठक में कई दलों के नेता शामिल होंगे, जबकि अखिलेश यादव की गैरमौजूदगी और कुछ दलों की दूरी भी चर्चा में रहेगी।
दिल्ली में आज विपक्षी दलों के INDIA ब्लॉक की अहम बैठक होने जा रही है। बैठक का मुख्य एजेंडा चुनाव आयोग, स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR और मतदाता सूची से जुड़े विवाद हैं। विपक्ष इन मुद्दों पर आगे की साझा रणनीति तय करने की तैयारी में है। बैठक दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होगी।
अखिलेश नहीं आएंगे, उद्धव ऑनलाइन जुड़ेंगे
बैठक में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव मौजूद नहीं रहेंगे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के मुताबिक, राज्यसभा चुनाव से जुड़ी व्यस्तता के कारण अखिलेश बैठक में नहीं पहुंच पाएंगे। समाजवादी पार्टी की ओर से वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल होंगे। वहीं शिवसेना UBT प्रमुख उद्धव ठाकरे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक से जुड़ेंगे।
अखिलेश यादव की गैरमौजूदगी इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर मतभेदों की खबरें सामने आती रही हैं। हालांकि कांग्रेस ने अखिलेश की गैरमौजूदगी को इन मतभेदों से जोड़ने वाली खबरों को खारिज किया है।
AAP और DMK की भी दूरी
आम आदमी पार्टी इस बैठक में शामिल नहीं होगी। AAP पहले ही कह चुकी है कि वह अब INDIA ब्लॉक का हिस्सा नहीं है। हालांकि पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त से जुड़े विपक्ष के कदम का समर्थन करने की बात कही है। DMK का प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल नहीं होगा।
बैठक में कांग्रेस के अलावा TMC, RJD और दूसरे विपक्षी दलों के नेताओं के शामिल होने की संभावना है। निर्दलीय राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल को भी आमंत्रित किया गया है।
चुनाव आयोग के मुद्दे पर बनेगी रणनीति
बैठक का सबसे अहम मुद्दा SIR और चुनाव आयोग का कामकाज रहेगा। विपक्षी दल मतदाता सूची के पुनरीक्षण और चुनाव आयोग के भीतर फैसले लेने की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहे हैं। चुनाव आयोग इन आरोपों का जवाब देता रहा है और उसका कहना है कि फैसले कानूनी दायरे में लिए जाते हैं।
बैठक में विपक्ष चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक उठाने की साझा रणनीति पर चर्चा कर सकता है। इसके साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित कार्रवाई और देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों को लेकर भी मंथन होने की संभावना है।
ऐसे में नजर इस बात पर रहेगी कि कई बड़े नेताओं की गैरमौजूदगी के बीच INDIA ब्लॉक चुनाव आयोग और SIR के मुद्दे पर कितनी साझा रणनीति बना पाता है।

